देवलास में 25 लाख की लागत से चेतक पर सवार महाराणा प्रताप की बड़ी कांस्य प्रतिमा होगी स्थापित
आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह के अथक प्रयास से शासन से मिली हरी झंडी
करहां (मऊ) : शौर्य और वीरता के प्रतीक महाराणा प्रताप की चेतक के साथ बड़ी कांस्य प्रतिमा मुहम्मदाबाद गोहना के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले देवलास में 25 लाख रुपए की लागत से स्थापित की जाएगी। इस आशय का निर्देश पत्र उत्तर प्रदेश शासन ने संस्कृत विभाग उत्तर प्रदेश को जारी किया है। शासन की तरफ से प्रतिमा स्थापित करने के लिए हरी झंडी मिल गई है।
मुहम्मदाबाद गोहना तहसील क्षेत्र का देवलास महर्षि देवल की तपोभूमि होने के साथ भगवान श्रीराम के विश्राम स्थल की किंवदंतियों के साथ क्षेत्र के लिए श्रद्धा का केंद्र है। क्षत्रिय कुलभूषण महाराणा प्रताप सांस्कृतिक एवं सामाजिक नवचेतना संस्थान की मांग पर क्षेत्र के भदीड गांव निवासी आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसिसोदिया ने जनपद के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर देवलास में महाराणा प्रताप और उनके घोड़े के साथ कांस्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की क्षेत्रीय जनता की भावनाओं से अवगत कराते हुए पत्र दिया था। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने देवलास के महत्व को देखते हुए 20 मार्च को यहां महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा स्थापित किए जाने का पत्र शासन में भेजा।
इसी क्रम में उत्तर प्रदेश शासन की संयुक्त सचिव उमा द्विवेदी ने संस्कृति निदेशालय को संस्तुति पत्र भेजकर वहां राणा प्रताप और चेतक की कांस्य प्रतिमा स्थापित किए जाने का निर्देश जारी किया है। इस आशय का पत्र मिलते ही महाराणा प्रताप सांस्कृतिक एवं सामाजिक नवचेतना के अध्यक्ष राजेंद्र प्रताप सिंह, मंत्री भीष्म देव सिंह, प्रहलाद सिंह, चंद्रविजय सिंह, राघवेंद्र सिंह, उमाशंकर सिंह दाढ़ी, प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू, संतोष सिंह, अभिषेक यादव आदि ने खुशी जाहिर करते हुए क्षेत्र के लिए गौरव की बात बताया है।





Post a Comment