Top News

देवलास में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापन हेतु किया गया भूमिपूजन

देवलास में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापन हेतु किया गया भूमिपूजन

-शीघ्र बनेगा चबूतरा, सभागार व स्थापित होंगी एकलिंग भगवान की मूर्ति

-सिसोदिया संघ के संरक्षक रहे स्व. प्रहलाद सिंह को दी गयी श्रद्धांजलि

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के सुप्रसिद्ध धार्मिक, सामाजिक व सांस्कृतिक स्थल देवलास में महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार कांस्य प्रतिमा लगाने के लिए रविवार को भूमिपूजन किया गया। इसी के साथ यहां प्रतिमा हेतु चबूतरा और सभागार का निर्माण शुरु होगा। इसके साथ ही यहां सिसोदिया वंशजों के कुल देवता एकलिंग भगवान की मूर्ति की भी प्राण प्रतिष्ठा की जायेगी। कार्यक्रम में सिसोदिया संघ के संरक्षक रहे व हाल ही में दिवंगत हुए स्वर्गीय प्रहलाद सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गयी एवं उनके कृतित्व व व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला गया।

बता दें कि देवलास स्थित महाराणा प्रताप स्थल पर सिसोदिया संघ व भदीड़ गांव निवासी आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया के प्रयासों से उत्तर प्रदेश सरकार व संस्कृति मंत्रालय के सौजन्य से महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार कांस्य प्रतिमा लगाई जानी है। इसी क्रम में रविवार को सैकड़ों स्वजनों की उपस्थिति में इटौरा चौबेपुर निवासी वैदिक ब्राह्मण वागीश दत्त चतुर्वेदी के आचार्यत्व में विधि विधान पूर्वक मुख्य यजमान भदीड़ गांव निवासी जीआईएमएस ग्रेटर नोएडा के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह रौशन, आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया, कैलिफोर्निया में कार्यरत रवि सिंह, सिसोदिया संघ के अध्यक्ष व सेवानिवृत्त क्षेत्राधिकारी आर.पी. सिंह तथा संघ के महामंत्री व सेवानिवृत्त एडीओ भीष्मदेव सिंह के हाथों किया गया।

अनिल सिंह सिसोदिया ने बताया कि शीघ्र ही यहां प्रतिमा के लिए चबूतरा व 100 लोंगों के बैठने हेतु एक सभागार का निर्माण शुरु हो जायेगा। उन्होंने सिसोदिया संघ के संरक्षक व डीसीएसके पीजी कालेज के पहले अध्यक्ष रहे स्वर्गीय प्रहलाद सिंह के हाल ही में निधन को जिले की अपूरणीय क्षति बताया। कहा कि उनके जैसा मार्गद्रष्टा व मजबूत अभिभावक मिलना मुश्किल है। हमें खेद है कि महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा लगाने के मजबूत पक्षधर रहे बाबू प्रहलाद सिंह उसे लगता नहीं देख पाएंगे। उन्हें सभी स्नेही-स्वजन की तरफ से भावपूर्ण नमन एवं अश्रुपूर्ण श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं।

स्वदेश कुमार सिंह रौशन ने कहा कि हम लोंगो द्वारा सिसोदिया वंशजों के कुल देवता एकलिंग भगवान के चौमुखी विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा भी की जायेगी। साथ ही देवलास स्थित सभी समाज के मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया जायेगा। एकलिंग भगवान की प्रतिमा भगवान शिव का प्रतिरुप होती है जो काले रंग में चार स्वरुपों में विद्यमान होती हैं। पूर्व दिशा में सदाशिव, पश्चिम में महादेव, उत्तर में उमा महेश्वर व दक्षिण में भगवान रुद्र का रुप होगा।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता उमाशंकर सिंह, सिसोदिया संघ के संयुक्त सचिव चंद्रविजय सिंह, सेवानिवृत्त शिक्षक अशोक सिंह, स्नातक एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह के विधानसभा प्रतिनिधि राघवेंद्र प्रताप सिंह सिसोदिया, भाजपा नेता पप्पू सिंह, भदीड़ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक सिंह टिंकू, देवलास ग्राम प्रधान अभिषेक यादव, अभय सिंह, गोपाल सिंह आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post