रौजा मखदूम पर लगा बैरियर, एम्बुलेंस, व्यापार व स्कूल परिवहन की बढ़ी चिंता
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना-घोसी मार्ग पर तमसा नदी स्थित जर्जर पुल को भारी वाहनों से बचाने के लिए प्रशासन और व्यापारियों की सहमति के बाद मंगलवार को रौजा मखदूम के पास लो-हाइट बैरियर लगा दिया गया। हालांकि बैरियर लगने के साथ ही क्षेत्र के एम्बुलेंस, व्यापारियों, स्कूल संचालकों और स्थानीय लोगों ने इसके दुष्प्रभावों को लेकर चिंता जताई है।
बैरियर लगने से अतरारी, खैराबाद, इब्राहिमपुर, अमीलो, रामनगर, वलीदपुर और मुबारकपुर की ओर जाने वाले बड़े वाहनों का आवागमन प्रभावित होगा। इस मार्ग पर स्थित निर्माण सामग्री की दुकानों के कारोबार पर भी असर पड़ने की आशंका है। नगर निवासी व भाजपा जिला उपाध्यक्ष रामसरन चौहान तथा पूर्व मंडल अध्यक्ष सूर्यप्रताप सिंह सूरज ने कहा कि पुल के निकट बैरियर लगाया जाता तो पुल की सुरक्षा भी होती और आसपास के प्रमुख मार्गों का यातायात भी बाधित नहीं होता। आज नदी उस पार जा रही एम्बुलेंस को भी बेरंग वापस होना पड़ा। वहीं क्षेत्र के कई स्कूलों की बसों का संचालन भी प्रभावित होने की संभावना है। स्कूल संचालकों का कहना है कि बड़ी बसों के स्थान पर छोटी गाड़ियां चलानी पड़ेंगी, जिससे परिवहन खर्च बढ़ जाएगा।
इधर, बैरियर की ऊंचाई करीब 8 फुट 3 इंच होने पर भी सवाल उठे हैं। बैरियर लगने के कुछ देर बाद एक एंबुलेंस उसके नीचे से नहीं निकल सकी और उसे मरीज के साथ लंबा रास्ता अपनाना पड़ा। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अर्चना अग्निहोत्री ने कहा कि बैरियर की ऊंचाई की जांच कराई जा रही है। यदि यह मानक से कम पाई गई तो आवश्यक संशोधन कराया जाएगा।

Post a Comment