बाप की लाठी जली, बहन की राखी भी जल गई।
बिन माँ के इकलौते बेटे का शव देख सोनौरा में मचा कोहराम।
करहाँ, मु.बाद गोहना, मऊ। बिन माँ के इकलौते बेटे के शनिवार तमसा तट पर मृत अवस्था में पाए जानें एवं रविवार दोपहर बाद अन्त्य परीक्षण के उपरांत सोनौरा गाँव में शव आने पर कोहराम मच गया। बाप के बुढ़ापे की लाठी और छोटी बहन की राखी दोनों होनहार युवक के शव के साथ दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम शवदाहगृह पर ढलते सूरज के साथ जल गए।
बता दें कि मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली थानांतर्गत भातकोल स्थित हनुमान मंदिर के पास तमसा नदी में शनिवार शाम करीब 04:00 बजे भदीड़ ग्राम पंचायत के सोनौरा निवासी 19 वर्षीय युवक अनुज सिंह पुत्र अभिमन्यु सिंह का मृत शरीर उतराया हुआ मिला था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुँचे कोतवाली प्रभारी मय हमराह संजय कुमार त्रिपाठी ने घरवालों को सूचित कर बुलाया और शव को अन्त्य परीक्षण हेतु जिला मुख्यालय भेजवाया।
रविवार जब शव पोस्टमार्टम के बाद घर आया तो गाँव में कोहराम मच गया। लोंगो ने बताया कि युवक को माँ की ममता ज्यादा दिन तक नसीब नहीं हुई। घर की आर्थिक स्थिति दयनीय होने से पिता ऑटोरिक्शा चलाते हैं। वहीं मृत युवक कैलाश स्मारक इंटर कालेज बैरमपुर, देवलास में इंटर का छात्र था, तो वहीं छोटी बहन कक्षा 9 की छात्रा थी।
कुछ दिनों से युवक मानसिक रूप से परेशान और बीमार था, जिसकी दवा चल रही थी। घटना की बीती रात 12:00 बजे वह अपने कमरे से उठकर कहीं चला गया। बहन द्वारा भाई को न देखे जाने की जानकारी देने पर उसे इधर-उधर काफी खोजा गया। तबतक शाम को भातकोल तमसा किनारे शव मिलने की खबर मिलने पर पहुँचे परिजनों ने उसकी पहचान अनुज के रूप में की। इकलौते नौजवान पुत्र की आकस्मिक और असामयिक मृत्यु से पिता पूरी तरह टूट चुके हैं तो वहीं बहन का रो-रो कर बुरा हाल है। भदीड़ ग्रामप्रधान प्रतिनिधि अभिषेक सिंह टिंकू एवं ग्रामवासियों के सहयोग से शव का अंतिम संस्कार दोहरीघाट स्थित सरयू तट के मुक्तिधाम स्थित शवदाहगृह पर सायंकाल किया गया। इस घटना से सोनौरा ग्रामसभा सहित आसपास के गाँवो में भी मातम छाया हुआ है।


Post a Comment