Top News

न्याय पंचायतवार पौधरोपण का चलाया जा रहा अभियान

न्याय पंचायतवार पौधरोपण का चलाया जा रहा अभियान


करहाँ (मऊ) : जिले में विकास खंड स्तर से न्याय पंचायतवार सभी गांवो में पौधरोपण करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसमें विकास खंड अधिकारी द्वारा सहायक खंड विकास अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण, रोपण व उसकी सुरक्षा सुनिश्चित कराई जा रही है। इसके लिए ग्राम प्रधान द्वारा चिन्हित सार्वजनिक भूमि पर बाड़ बनाकर पौधे रोपित किये जा रहे हैं और उनकी सुरक्षा, निराई, गुड़ाई, सिचाई आदि के लिए मनरेगा श्रमिक के माध्यम से व्यवस्था की जा रही है।


बता दें कि पर्यावरण के संरक्षण व संवर्धन तथा उत्तरोत्तर बढ़ती हुई गर्मी को लेकर सरकार व विभिन्न विभाग सक्रिय हैं। इस बरसात हजारों की संख्या में पौधरोपण कर उनके शत-प्रतिशत संरक्षण की मुहिम पर काम हो रहा है।

करहाँ परिक्षेत्र के शमशाबाद व मालव न्याय पंचायत में नियुक्त नोडल अधिकारी व सहायक खंड विकास अधिकारी कृषि संतोष कुमार मिश्र द्वारा प्रति गांव विभिन्न ग्रामप्रधानों के माध्यम से 1750 पौधे दिये जा रहे हैं। इनके अनुसार इसके लिए तारों की फैंसिंग, गेट व मनरेगा श्रमिक की देखरेख के लिए व्यवस्था करना पड़ेगा। प्रति श्रमिक 100-100 दिन की मजदूरी के हिसाब से बारी-बारी पौधों की देखभाल कराई जायेगी। पानी की व्यवस्था नहीं होने पर समर्सिबल लगवाने की योजना भी इसमें सन्निहित है। कुल मिलाकर मंशा यह है कि पौधों का शत-प्रतिशत अनुरक्षण हो। यदि अपरिहार्य कारणों से कोई पौधा सूख भी जाता है तो उसके स्थान पर पुनः पौधरोपण करना होगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post