रामजानकी मंदिर नगपुर से हनुमान लला का चांदी का मुकुट चोरी, अज्ञात पर केस दर्ज
करहां (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र के नगपुर गांव स्थित राम जानकी मंदिर में स्थापित हनुमान लला की प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट चोरी होने का मामला सामने आया है। मंदिर की देखरेख करने वाले पुजारी महातम तिवारी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर आवश्यक जांच-पड़ताल की।
दर्ज प्राथमिकी में पुजारी महातम तिवारी ने बताया है कि शनिवार शाम करीब 6:30 बजे वह मंदिर में मौजूद थे। इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से मंदिर पहुंचा और दर्शन करने की इच्छा जताई। मेरी अनुमति मिलने पर वह मंदिर के अंदर गया तथा कुछ देर बाद बाहर निकलकर मोटरसाइकिल से चला गया। उसके जाने के बाद जब मैंने मंदिर का निरीक्षण किया तो हनुमानजी की प्रतिमा पर लगा चांदी का मुकुट गायब मिला। उनका आरोप है कि दर्शन के बहाने मंदिर में आए अज्ञात व्यक्ति ने ही मुकुट चोरी किया है। रविवार सुबह जांच पड़ताल हेतु पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच पड़ताल की है तथा अज्ञात व्यक्ति पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है।





Post a Comment