खबर का असर, विद्यालय से हुई जलनिकासी, सफाई की जरूरत
करहाँ (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के मालव ग्रामपंचायत में स्थित भैंसहा प्राथमिक विद्यालय में जलजमाव की खबर का असर शीघ्र ही देखने को मिला। खंड शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर सफाईकर्मियों ने नाली की सफाई कर जल निकासी सुनिश्चित की लेकिन अभी भी परिसर में घास-फूंस व गंदगी देखी जा रही है। ग्रामीण अभिभावकों ने ग्रामप्रधान व सफाईकर्मियों से परिसर को स्वच्छ रखने की अपील की है।
बता दें कि अजीत एक्सप्रेस व दैनिक जागरण के 4 व 5 जुलाई के अंक में 'परिसर में जलजमाव के बीच पढ़ने जाने को मजबूर नौनिहाल' नामक शीर्षक से जलजमाव के बाबत खबर प्रकाशित हुई थी। अजीत एक्सप्रेस व दैनिक जागरण प्रतिनिधि से हुई बात में शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना की खंड शिक्षा अधिकारी श्वेता मौर्या ने शीघ्र समस्या के निस्तारण का भरोसा दिलाया।
उन्होंने अपने कहे अनुसार 06 जुलाई को संबंधित ग्रामप्रधान से बात कर सफाईकर्मियों द्वारा नाली साफ कर जलनिकासी सुनिश्चित करवाई। वर्तमान में परिसर से पानी निकल चुका है और सूखा मौसम होने पर कुछ मिट्टी पाटने की आवश्यकता है। हालांकि परिसर में अभी भी घास-फूंस व गंदगी दिख रही है। ग्रामीणों ने ग्रामप्रधान से सक्रियता दिखाते हुए साफ-सफाई की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने की गुहार लगाई है।





Post a Comment