एमएलसी व महाप्रधान प्रतिनिधि ने किया डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन
करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना विकास खण्ड के करहाँ बाजार स्थित गुरादरी गेट से मठ की तरफ 150 मीटर पर एक डिजिटल लाइब्रेरी का सोमवार को उद्घाटन हुआ। इसका शुभारंभ विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह रिशू व करहाँ जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवि पासी ने करतल ध्वनि के बीच फीता काटकर किया। अतिथिद्वय ने लाइब्रेरी में सभी छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य आगत अतिथियों के साथ समवेत स्वर में राष्ट्रगान का गायन किया।
डिजिटल लाइब्रेरी के संचालक व प्रोपराइटर आसिफ़ अहमद ने बताया कि डिजिटल लाइब्रेरी समय की माँग है। कोरोना काल की विपदा ने हमें मजबूरी में ऑनलाइल क्लास का एक अवसर प्रदान किया जहाँ से डिजिटल लाइब्रेरी का कॉन्सेप्ट फैला। गाँव-गिरांव के जो बच्चे परिस्थिति, समय व पैसे के अभाव में दूर बड़े शहरों में जाकर नामी-गिरामी अध्यापकों से पढ़ने में असमर्थ हैं, वह सभी अब इस आधुनिक सुविधासंपन्न डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से किसी को ऑनलाइन पढ़ सकते हैं और अपनी तैयारी सुनिश्चित कर सकते हैं।
आसिफ़ अहमद ने आगे बताया कि फिलहाल इसे 50 सीटों के रूप में सुविधाजनक कुर्सी, केबिन, लाइट, एसी, पंखा, हाईस्पीड वाईफाई के साथ शुरू किया गया है। जिसे आवश्यकतानुसार भविष्य में बढ़ाया जा सकता है। सुबह, दोपहर, शाम को तीन शिफ्ट में चलने वाली लाइब्रेरी का शुल्क 300 व 350 रुपया महीना रखा गया है। सुबह का पहला सत्र 06 बजकर 30 मिनट से शुरू होगा जो 04 घंटे का रहेगा, दोपहर व शाम की शिफ्ट 05 घंटे चलेगी। सुबह व शाम की शिफ्ट का शुल्क 300 रुपया रहेगा जबकि दोपहर के सत्र का शुल्क 350 रुपया माहवार होगा।
भव्य उद्घाटन के इस मौके पर विष्णुकांत श्रीवास्तव, चंद्रशेखर मौर्य, तारकेश्वर सिंह अजीत, सरफराज अहमद, डॉक्टर इरशाद अहमद, मनोज वर्मा, आकिब शमीम उर्फ़ सद्दाम ख़ाँ, अजीत मौर्य, सोहराब अहमद, देवेंद्र यादव, आनंद गुप्ता, अरविंद शर्मा, आकाश सिंह, अतुल मद्धेशिया, अंकित सिंह, अवनीत सिंह सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।




Post a Comment