परिषदीय विद्यालय में रिज़र्व बैंक ऑफ़ चिल्ड्रेन की स्थापना
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कम्पोजिट विद्यालय माहपुर में सोमवार को रिज़र्व बैंक ऑफ चिल्ड्रेन की स्थापना की गई। इसमें 80 प्रतिशत उपस्थिति वाले बच्चों का खाता खोला गया। इसके अंतर्गत बच्चे स्वेच्छा से न्यूनतम 02 रुपये से लेकर अधिकतम 10 रुपए तक प्रतिदिन जमा कर सकते हैं। माह के अंत में 05 प्रतिशत ब्याज के साथ बच्चों के जमा पैसे का भुगतान विद्यालय परिवार द्वारा किया जायेगा। इस दौरान बच्चे चिल्ड्रेन बैंक को लेकर बेहद उत्साहित दिखे।
बता दें कि बच्चों को चिप्स, कुरकुरे, टाफी, बिस्कुट, नमकीन, कोल्डड्रिंक आदि के नुकसानदायक व फ़ालतू ख़र्च से बचाने के लिए एवं पैसे की बचत के लिए ये अनोखी पहल की शुरुआत विद्यालय द्वारा की गई है। इस संबंध में सहायक अध्यापक राजीव मौर्य ने बताया कि बच्चों की उपस्थिति व बचत की प्रवृति बढ़ाने के लिए यह अनोखा नवाचार किया गया है। इसमें स्वेच्छा से बच्चे 02 से 10 रुपये प्रतिदिन जमा कर सकेंगे।
कहा कि मान लीजिए कि यदि कोई बच्चा 100 रुपये माह में जमा करेगा तो विद्यालय की तरफ से 05 प्रतिशत ब्याज सहित बच्चे को 105 रुपये मिलेगा। ब्याज का खर्च अध्यापक वहन करेंगे। 80 प्रतिशत से कम उपस्थिति होने पर खाता बंद कर दिया जाएगा। पुनः अगले माह में 80 प्रतिशत उपस्थिति होने पर खाता खोल दिया जायेगा।
बताया कि यह प्रयोग अभी जूनियर की कक्षाओं के लिये शुरू किया गया है। इसके अच्छे परिणाम आने पर इसे प्राथमिक कक्षाओं के लिये भी लागू किया जायेगा। तब तक बेसिक के बच्चे भी इस विषय को भलीभांति समझ लेंगे। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक प्रेमशंकर तिवारी, अध्यापक अभिषेक सरोज, नीलिमा दूबे, गौतम विश्वकर्मा, नीलम यादव सहित सैकड़ों बच्चे व रसोईयां आदि उपस्थित रहीं।



Post a Comment