राज्यस्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में जूड़नपुर व मड़ैली ने जीता स्वर्ण पदक
◆शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के जूड़नपुर प्राथमिक विद्यालय के बालक खो-खो में प्रथम
◆शिक्षा क्षेत्र रतनपुरा स्थित मड़ैली की जूनियर बालिकाएं कबड्डी में अव्वल
■करहां (मऊ) : कानपुर में आयोजित 35 वीं राज्य स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल की तरफ से प्रतिभाग करते हुए मऊ जनपद की टीमों ने खो-खो एवं कबड्डी में स्वर्ण पदक हासिल कर जिले का नाम रौशन किया है। शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के कंपोजिट विद्यालय जूड़नपुर के प्राथमिक संवर्ग के बालकों ने जहां खो-खो में स्वर्ण पदक हासिल किया है, वहीं शिक्षा क्षेत्र रतनपुरा के मड़ैली कंपोजिट विद्यालय के जूनियर संवर्ग की बालिकाओं ने कबड्डी में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया है। दोनों परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की सफलता पर जहां जिले में हर्ष का माहौल है, वहीं शिक्षा विभाग से जुड़े तमाम लोग विद्यार्थियों सहित इनके कोच, अध्यापक व प्रधानाध्यापकों को बधाई दे रहे हैं।
मंगलवार व बुधवार को कानपुर में प्रदेश भर के परिषदीय विद्यालयों की मंडलीय टीमों ने विभिन्न खेल वर्गों में प्रतिभाग किया। आजमगढ़ मंडल की तरफ से रतनपुरा ब्लाक के मड़ैली कंपोजिट विद्यालय के जूनियर संवर्ग की बालिकाओं की टीम ने फाइनल मुकाबले में मिर्जापुर मंडल की टीम को 25-18 अंको के अंतराल से परास्त कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। अपने मंडल की तरफ से प्रतिभाग करते हुए मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक स्थित कंपोजिट विद्यालय जूड़नपुर के प्राथमिक संवर्ग के बालकों ने खो-खो में मिर्जापुर मंडल की टीम को ही 9-3 अंकों के अंतराल से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया।
जूड़नपुर के वरिष्ठ अध्यापक कमला प्रसाद व अध्यापक राजेश राम तथा मड़ैली के प्रधानाध्यापक विजय बहादुर, अध्यापक शैलेंद्र कुमार व कोच जय राव के साथ गुरुवार गृह जनपद वापस आने पर स्वागत कर खुशी का इजहार किया गया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय, वरिष्ठ डायट प्रवक्ता जावेद आलम, खंड शिक्षा अधिकारी द्वय श्वेता मौर्या व अरविंद कुमार, जिला व्यायाम शिक्षक सहेंद्र सिंह सहित विभिन्न अध्यापकों रामनिवास मौर्य, सुनील यादव, धनंजय सिंह, विजय बहादुर यादव एवं अधिकारियों ने विजयी खिलाड़ियों एवं उनके खेल प्रशिक्षक, अध्यापकों व प्रधानाध्यापकों को बधाई दी है।



Post a Comment