प्रबंधन के क्षेत्र में कैरियर बनाना चाहते हैं सौरभ
करहां (मऊ) : हाईस्कूल परीक्षा परिणामों में जिले में छठवां स्थान प्राप्त कर सौरभ प्रजापति ने अपने माता-पिता व शिक्षकों का नाम रौशन किया है। उसे 600 में 561 अर्थात 93.50 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए हैं। एक सामान्य खेतिहर कुंभकार पिता का का यह मेधावी बेटा प्रबंधन के क्षेत्र में अपना कैरियर बनाना चाहता है।
राष्ट्रीय इंटर कालेज, चिरैयाकोट, मऊ में पढ़ाई करने वाले चिरैयाकोट नगर पंचायत के मनाजित वार्ड नंबर-09 के निवासी सौरभ की माता शांति देवी गृहणी हैं तो पिता शिवप्रसाद प्रजापति खेती बाड़ी करते हुए मिट्टी के बर्तन बनाकर गुजारा करते हैं। पिता ने जागरण प्रतिनिधि से बातचीत में बताया कि मेरा बेटा बचपन से मेधावी है और शुरू से ही स्कूल में टापर रहा। वह नियमित घर पर 10-12 घन्टे की पढ़ाई करके नियमित स्कूल व कोचिंग भी जाता था। प्रधानाचार्य अखिलेश सिंह व कोचिंग शिक्षक सुनील प्रजापति उसके पसंदीदा शिक्षक हैं। उसका पसंदीदा विषय गणित व अंग्रेजी तथा शौक पढ़ना व किसी काम को सीखना है। वह बड़ा होकर एमबीए कर मैनेजमेंट के क्षेत्र में कैरियर बनाना चाहता है।



Post a Comment