बच्चों व महिलाओं को पोषण हेतु किया गया जागरुक
करहां (मऊ) :बाल विकास परियोजना विभाग मुहम्मदाबाद गोहना के सौजन्य से मंगलवार को कम्पोजिट विद्यालय वलीदपुर मठिया में पोषण पखवाड़े के अंतर्गत एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमे 08 अप्रैल से 22 अप्रैल के बीच चलाये गये सफल आयोजन के क्रम में महिलाओं व बच्चों को पोषण हेतु जागरुक किया गया। इस पोषण अभियान के अंतर्गत बच्चों और महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार हेतु जिला कार्यक्रम अधिकारी अजित कुमार सिंह के निर्देशन में बाल विकास परियोजना अधिकारी संजीव कुमार द्वारा अनेक उपाय बताए गए एवं सात महिलाओं की गोंदभरायी व सात बच्चों का अन्नप्रासन संस्कार सम्पन्न कराया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्तियों व एएनएम द्वारा विभिन्न पोषक स्टॉल भी लगाया गया। विद्यालय के बच्चों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से लोंगो को मंत्रमुग्ध कर दिया।
संजीव कुमार द्वारा बताया गया कि पोषण पखवाडा 2025 में 04 गतिविधियों पर विशेष बल दिया गया है। पहला जीवन के प्रथम 1000 दिवसों अर्थात गर्भावस्था से लेकर शिशु के जन्म के प्रथम 02 वर्ष में विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित करना व दूसरा लाभार्थियों के मॉड्यूल का लोकप्रियकरण करना। तीसरा कुपोषण प्रबंधन के लिए सीएमएएम मॉड्यूल का क्रियान्वयन और चौथा बच्चों में मोटापे की रोकथाम के लिए स्वस्थ्य जीवन शैली अपनाने पर बल देना। सीडीपीओ द्वारा बताया गया कि पोषण विशेष रूप से गर्भावस्था के दौरान सही पोषण स्वस्थ्य शिशुओं के जन्म में सहायक होता है, जिससे उनके स्वास्थ्य परिणाम बेहतर होते हैं। उन्होंने बताया कि बचपन मे उचित पोषण का सम्बंध बेहतर आईक्यू स्कोर, अधिक उत्पादकता और वयस्क जीवन में अधिक आय से जुड़ा होता है। कहा कि बीते पखवाड़े भर पोषण के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किये गये।
इस मौके पर नगर पंचायत के ईओ अर्जुन कुमार, सभासदद्वय जावेद अहमद व लालसा, सीएचसी अधीक्षक डॉक्टर रामबदन, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी राम कुँवर यादव, विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार, मुख्यसेविका विभा श्रीवास्तव, गायत्री सिंह व शांति देवी, समाज सेवी रामचन्द्र सहित सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, एएनएम, गर्भवती व धात्री महिलाओं, अनेक बच्चों तथा नगरवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सीडीपीओ संजीव कुमार द्वारा किया गया।
Post a Comment