Top News

नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ की कलश यात्रा का ब्लॉक प्रमुख ने किया शुभारंभ

नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ की कलश यात्रा का ब्लॉक प्रमुख ने किया शुभारंभ

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के भातकोल में शांतिकुंज व गायत्री परिवार के सौजन्य से मंगलवार को तीन दिवसीय नौ कुंडीय राष्ट्र जागरण गायत्री महायज्ञ की शुरुआत हुई। पहले दिन प्रातः 08 बजे निकली भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह ने हरी झंडी दिखाकर की। यह कलश यात्रा वरुण पूजन हेतु भातकोल की सभी ग्रामसभाओं सहित बाजार, सोफीगंज, धौरहरा, भांटपारा होते हुये यज्ञ स्थल पर पहुंची।

ब्लॉक प्रमुख रानू सिंह ने सहयोगियों संग मिलकर सबसे पहले गायत्री माता के चित्र पर तिलक-चंदन, पूजन-अर्चन, पुष्पार्चन-माल्यार्पण किया। तत्पश्चात यज्ञकर्ता आचार्यगण ने उन्हें प्रसाद स्वरूप अंगवस्त्र व पुस्तिका प्रदान कर स्वागत किया।

पीत वस्त्र धारण की हुई माताएं-बहनें माथे पर जल-कलश लेकर यात्रा में निकली। कलश यात्रा में हाथी-घोड़े, रथ-झांकी, गाजे-बाजे, ध्वज-पताके, ढोल-नगाड़े, घरी-घंट सहित सैकड़ों श्रद्धालु भक्त गगनभेदी जयघोष करते हुये चल रहे थे। तेज गर्मी व कड़ी धूप को देखते हुए जगह-जगह समाजसेवी बंधुओं ने जलपान की व्यवस्था की थी। गायत्री परिवार के जिला संयोजक रामसुख यादव ने बताया कि नौ कुंडीय यज्ञ में समिधा निवेदन के साथ पुंसवन, अन्नप्रासन, नामकरण, मुंडन, यगोपवीत, विद्यारंभ, याग्निक दीक्षा, जन्मदिवस व विवाह संस्कार आदि कराये जायेंगे।

इस अवसर पर सतीश कुमार, योगेंद्र चौधरी, संतोष सिंह, देवनाथ शर्मा, भूपेंद्र सिंह, सुभाष माली, सुनील सिंह, अरविंद शर्मा, चंद्रकांत तिवारी, संगीता माली, रितिक सिंह, चंद्रावती शर्मा, रणवीर आदि सैकड़ों क्षेत्रीय श्रद्धालु भक्त व गायत्री परिवार के कार्यकर्तागण मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post