पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय मडहा में धूमधाम से मना वार्षिकोत्सव
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय मडहा पट्टी में शनिवार को भव्य वार्षिकोत्सव व विदाई समारोह का आयोजन सम्पन्न हुआ। मुख्य अतिथि वरिष्ठ डायट प्रवक्ता जावेद आलम ने उत्कृष्ट एवं सर्वाधिक उपस्थिति वाले छात्रों को मेडल व अंक प्रमाणपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया। साथ ही उनके अभिभावकों को भी सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बीईओ श्वेता मौर्या ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुयी। तत्पश्चात बच्चों ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत सहित विविध रंगारंग प्रस्तुतियों से सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि जावेद आलम ने अभिभावकों से अनुरोध किया कि वह अपने बच्चों का अधिक से अधिक नामांकन सरकारी स्कूलों में कराएं। कहा कि विषय परिस्थितियों में रहकर भी बेसिक के बच्चों ने जो उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है वह काबिलेतारीफ है। इस तरह का आयोजन निश्चित रूप से छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को जन्म देगा।
कहा कि छात्रों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों में छात्रों का मजबूत आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से झलक रहा है, जो विद्यालय द्वारा छात्रों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जाने वाले सफल प्रयासों की कहानी बयां कर रहे हैं। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को एक ऐसा मंच प्रदान करते हैं, जिसमें वह अपनी विभिन्न प्रकार की क्षमताओं से अपने अभिभावकों व समाज को अवगत कराते हैं। इस प्रकार के भव्य कार्यक्रम के लिए उन्होंने प्रधानाध्यापक शमीम अंसारी व उनके विद्यालय परिवार के सभी सहयोगियों की सराहना की।
कार्यक्रम को बीईओ श्वेता मौर्या, एसआरजी संजय कुमार तिवारी, एआरपीसी पवन कुमार गुप्ता, ग्रामप्रधान बृजराज निषाद, धनंजय कुमार सिंह आदि ने संबोधित किया। इस अवसर पर ऋषिकेश राय, मानसिंह चौहान, शशि चौहान, अनीता मोदनवाल, नीलू गोंड सुदर्शन यादव, आबिद अली, छोटे लाल सहित सैकड़ों विद्यार्थी व अभिभावकगण उपस्थित रहे।






Post a Comment