एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के तहत शुरु हुआ योग शिविर
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के प्राथमिक विद्यालय सौसरवां के प्रांगण में गुरुवार को एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के तहत योग शिविर का आयोजन शुरु हुआ। इसमें बच्चों को योग की जीवनशैली से जोड़ने की अनूठी पहल देखने को मिली।
11 वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य' के तहत शुरु हुए योग शिविर में छोटे बच्चों ने पूरे मन से योगाभ्यास में भाग लिया। इसका शुभारंभ राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार व राज्य योग पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक व वर्तमान प्रधानाध्यापक रामनिवास मौर्य ने किया। उन्होंने बच्चों को योग के वैज्ञानिक लाभ समझाते हुए बताया कि नियमित अभ्यास से न केवल शरीर मजबूत होता है, बल्कि मन भी शांत रहता है। बताया कि यह योग शिविर 21 जून तक चलेगा। शिविर में तय सारणी के अनुसार बच्चों ने ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। पूरी प्रक्रिया को खेल और आनंद के रुप में प्रस्तुत किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और बढ़ गया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं शगुफ़्ता यास्मीन, ज्योतिंद्रपति पांडेय, शिवदान चौहान, लालमती देवी, सरस्वती देवी आदि उपस्थित थीं। सबने मिलकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया।




Post a Comment