देवलास में राणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा हेतु हुआ भव्य भूमिपूजन
◆जल्दी ही होगा एकलिंग भगवान की मूर्ति स्थापना, चबूतरा व हॉल का निर्माण
◆श्रद्धांजलि सभा में याद किये गये सिसोदिया संघ के संरक्षक स्व. प्रहलाद सिंह
◆देवलास के सभी समाज के मंदिरों का होगा जीर्णोद्धार : स्वदेश कुमार सिंह
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के प्रख्यात धार्मिक, पौराणिक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व सामाजिक स्थल देवलास की पुण्य भूमि पर महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार कांस्य प्रतिमा लगाने हेतु रविवार को भव्य भूमिपूजन किया गया। साथ ही सिसोदिया संघ व अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के संरक्षक व डीसीएसके पीजी कॉलेज मऊ के प्रथम अध्यक्ष रहे स्वर्गीय प्रहलाद सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्हें याद किया गया।
यज्ञाचार्य इटौरा चौबेपुर निवासी पंडित वागीश दत्त चतुर्वेदी के वैदिक मंत्रों के मध्य भदीड़ गांव के मूल निवासी इटावा में आईपीएस अधिकारी पीएसी अनिल सिंह सिसोदिया, जिम्स ग्रेटर नोएडा संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह रौशन, कैलिफोर्निया में कार्यरत रवि सिंह, सिसोदिया संघ के अध्यक्ष आरपी सिंह व महामंत्री भीष्मदेव सिंह ने अपने हाथों से भूमिपूजन कर ईंट रखा।
भूमिपूजन के बाद सिसोदिया संघ के संरक्षक रहे हाल ही में दिवंगत हुए स्वर्गीय प्रहलाद सिंह की श्रद्धांजलि सभा आयोजित हुई। इसमें बोलते हुए अनिल सिंह सिसोदिया ने कहा कि बाबू प्रहलाद सिंह का जाना हमारे समाज व जिले के लिए बहुत बड़ी क्षति है। वह एक बहुत मजबूत मार्गदर्शक व समाज के प्रहरी थे। आज पूरा जिला उनके जाने से मर्माहत है। हम समवेत रुप से सबकी तरफ से उन्हें भावपूर्ण नमन निवेदित करते हैं। इसके बाद सबने श्रद्धासुमन अर्पित किया।
स्वदेश कुमार सिंह रौशन ने बताया कि यूपी सरकार व संस्कृति मंत्रालय की तरफ से यहां महाराणा प्रताप की कांस्य प्रतिमा लगनी है। इसके लिए यहां जल्दी ही एक बैठक हॉल व चबूतरे का निर्माण कराया जाएगा। उसी चबूतरे पर प्रतिमा स्थापित की जायेगी। इसी के साथ सिसोदिया वंश के कुलदेवता शिवजी के एक अंग एकलिंग भगवान की चौमुखी प्रतिमा की भी स्थापना की जायेगी। हम सबके प्रयासों व समाज तथा सरकार के सहयोग से देवलास में स्थित सभी समाज के पुराने मंदिरों का जीर्णोद्धार कार्य भी कराया जायेगा ताकि यहां की पुरातन विरासत की विहंगम परंपरा कायम रहे।
इस मौके पर वरिष्ठ व सम्मानित नागरिक विजय शंकर पांडेय, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह दाढ़ी, पूर्व शिक्षक अशोक सिंह, वरिष्ठ नागरिक कृपानारायण सिंह, पूर्व प्रधान बारा सुनील सिंह, सिसोदिया संघ के संयुक्त सचिव व पूर्व ग्रामप्रधान बरबोझी चन्द्रविजय सिंह बबलू, स्नातक एमएलसी ओरतिनिधि राघवेंद्र सिंह माखन, भाजपा पदाधिकारी गोपाल सिंह, ग्रामप्रधान भदीड़ अभिषेक सिंह, जगदम्बा सिंह, मोहम्मद आरिफ, देवकली देवलास ग्राम प्रधान अभिषेक यादव, अभय सिंह, अभिषेक सिंह, अरविंद सिंह, रमेश सिंह, आर्यन सिसोदिया, ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ड्यूक, रमाकांत सिंह आदि अनेक गणमान्य व सैकड़ों स्नेही-स्वजन मौजूद रहे।




Post a Comment