देवलास में हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई संत गणिनाथ की जन्म जयंती
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद तहसील के सुप्रसिद्ध धार्मिक, सामाजिक व सांस्कृतिक स्थल देवलास की पुण्यभूमि पर शनिवार को वैश्य व मद्धेशिया समाज के आराध्य संत गणिनाथ जी की हर्षोल्लास पूर्वक जन्म जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक प्रमुख रानू अजीत सिंह, विशिष्ट अतिथि मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष लालजी वर्मा व मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के जमालपुर स्थित केशरीराज हॉस्पिटल के डॉक्टर सुमंत कुमार गुप्ता ने संत गणिनाथ के चित्र पर पूजन-अर्चन किया एवं झंडारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। गणमान्य अतिथियों ने संत गणिनाथ के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि रानू अजीत सिंह ने कहा कि संत गणिनाथ सर्व समाज के लिए आदर्श हैं। इस कार्यक्रम में आकर उनका नमन कर और आप लोंगो का दर्शन करना सौभाग्य का विषय है। हम सबको संत गणिनाथ जी के विचारों व आदर्शो को आत्मसात करने की जरुरत है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व नगर पंचायत चेयरमैन लालजी वर्मा व बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमंत कुमार गुप्ता ने दीप जलाकर पुष्प अर्पित कर कहा कि बाबा गणिनाथ का जीवन समाज को सत्य, सेवा और समरसता की ओर प्रेरित करता है। हम सब उनकी जन्म जयंती पर समवेत रुप से कृतज्ञ भाव के साथ नमन करने आए हैं।
इस दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि द्वय को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अजय कुमार गुप्ता, अनूप कुमार गुप्ता, गिरीश चंद्र गुप्ता, धर्मेंद्र गुप्ता, कुबेर गुप्ता, राधेकांत गुप्ता, श्री प्रकाश, रामदास, वेद प्रकाश गुप्ता सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Post a Comment