Top News

शमशाबाद से गुरादरी को निकली जलाभिषेक यात्रा

शमशाबाद से गुरादरी को निकली जलाभिषेक यात्रा

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के शमशाबाद गांव से सावन के आखिरी सोमवार को सैकड़ो स्त्री-पुरुष शिवभक्तों का रेला जलाभिषेक के लिए निकला। गाजे-बाजे व हर-हर महादेव के जयघोष के साथ नंगे पांव कलश लेकर गुरादरी मठ पहुंचे। मठ के पवित्र पाताल गंगा सरोवर में स्नान कर जल उठाया और बाबा घनश्याम साहब का दर्शन-पूजन कर पुनः अपने गांव आकर स्वयंभू शिवमंदिर व मरछूरेश्वर महादेव शिव कुटीर पर जल चढ़ाकर गांव के मंगल की कामना की।

शमशाबाद से मठ गुरादरी की इस जलाभिषेक यात्रा का नेतृत्व संत बलिराम गिरिजी महाराज ने किया। उनके मार्गनिर्देशन में व दिनेश सरोज के संचालन में निकली इस कलश यात्रा में गाजे-बाजे के साथ गजब का उत्साह और भक्ति भावना देखने को मिली। सावन की रिमझिम फुहारों के मध्य व्रती महिलाएं, बालिकाएं व उत्साही युवक नंगे पांव नाचती-गाती चल रही थी। गुरादरी पर गंगा माता और शिवजी की आरती कर संकल्प लेकर पवित्र जल धारण किया और गंतव्य को रवाना हुए। जलाभिषेक यात्रा के कुशल संचालन में नौजवान कार्यकर्ता स्वंयसेवक के रूप में लगे रहे। हर-हर महादेव व बोलबम के जयघोष से वातावरण गुंजायमान रहा।

इस जलाभिषेक कलश यात्रा में मुख्य रुप से गीता देवी, सच्चिदानंद कश्यप, उमाकांत पासी, हरिवंश वैरागी, मरछू राम, मुकेश, आकाश शर्मा, अतुल मौर्या, लालू गोंड़, दीपक यादव, पिंकी, अंजू, काजल, वंदना, अनामिका, सरिता, सीमा, सहित सैकड़ों स्त्री-पुरूष चल रहे थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post