ब्लाक गणित ओलंपियाड में अंशु मौर्य ने मारी बाजी
•सन्नी, प्रताप व मृणाल मंजरी को संयुक्त रुप से द्वितीय स्थान
•आरुषी गुप्ता ने पाया तृतीय स्थान, सबका हुआ स्वागत
करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहनांतर्गत शनिवार को हुए गणित ओलंपियाड का परीक्षा परिणाम घोषित हो चुका है। सोमवार को विद्यालय खुलने पर मालव, शमशाबाद व सुरहुरपुर उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रथम तीन स्थानों पर आए हुए छात्र-छात्राओं का जोरदार स्वागत व अभिनंदन किया गया। साथ ही संबंधित प्रधानाध्यापकों ने उन्हें माला-फूल, मेडल ट्राफी व उपहार सामग्री प्रदान कर बधाई दी तथा निकट भविष्य में होने वाले जिला स्तरीय गणित ओलंपियाड में अग्रिम सफलता की शुभकामनाएं दी।
बता दें कि इस गणित ओलंपियाड में ब्लाक क्षेत्र के 51 विद्यालयों के कुल 100 बच्चों ने प्रतिभाग किया था। मूल्यांकन के उपरांत उच्चतर प्राथमिक विद्यालय मालव में कक्षा 8 की छात्रा अंशु मौर्य ने गणित ओलंपियाड में 50 अंको में से 46 अंक अर्जित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं इसी विद्यालय के कक्षा-8 के छात्र सनी राजभर, उच्चतर प्राथमिक विद्यालय शमशाबाद के प्रताप सरोज व उच्चतर प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर की मृणाल मंजरी ने 42 अंक अर्जित कर संयुक्त रुप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। जबकि उच्चतर प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर में कक्षा 8 की छात्रा आरुषि गुप्ता ने 39 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। क्रमशः मालव, शमशाबाद व सुरहुरपुर के प्रधानाध्यापक व प्रभारी प्रधानाध्यापकों ओमप्रकाश सिंह, चंद्रशेखर मौर्य व प्रतिमा राय ने सोमवार को अपने-अपने विद्यालयों में पठन-पाठन के पश्चात आयोजित सादे समारोह में सैकड़ो बच्चों की जोरदार तालियों के बीच सर्वोच्च तीन स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को सम्मानित किया तथा उनके उज्जवल एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सतीश मौर्य, अमर सिंह, रामनरेश यादव, रामसहाय, राजविजय राम, अविनाश ठाकुर, सरोज पांडेय, बृजभूषण गौतम, रामा राम, मुहम्मद अजहर, वीरेंद्र यादव, सीमा रंजन, प्रेमशीला सहित, अनेक अभिभावक व सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित थे।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि यह परीक्षा पूरी शुचिता व पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई तथा ईमानदारी से इसका मूल्यांकन कर टापर्स चयनित किए गए हैं। इन्हें मैं स्वयं भी सम्मानित करुंगा। इसमें से सर्वोच्च स्थान प्राप्त कुछ विद्यार्थियों को जिला ओलंपियाड में प्रतिभाग करने के लिए भेजा जाएगा।




Post a Comment