एक वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के जमुई निवासी 22 वर्षीय युवक की रविवार भोर में मृत्यु हो गई। वह पिछले वर्ष 29 अक्टूबर को एक पिकअप की टक्कर से घायल हो गया था। एक वर्ष से चल रहे इलाज से विशेष कोई राहत नहीं हुई। शनिवार रात हालत बिगड़ने पर आजमगढ़ स्थित एक निजी अस्पताल के चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। नौजवान युवक की मौत से जहां पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है।
बता दें कि अभिषेक यादव पुत्र हरिश्चंद्र यादव 29 अक्टूबर 2024 दिन मंगलवार की सुबह 9 बजे गुरादरी मठ से नया चूरा प्रसाद चढ़ा कर वापस घर आ रहा था, तभी मुहम्मदाबाद गोहना चिरैयाकोट मार्ग पर करहां-रसूलपुर में एक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गया। सूचना पाकर आनन-फानन में स्वजन उसे आजमगढ़ स्थित डाक्टर दानिश अहमद के नेशनल हास्पिटल में भर्ती कराया।
पिछले एक वर्ष से महीनों व लाखों रुपये का इलाज कराने के बाद भी युवक की हालत में विशेष सुधार नहीं हुआ। कुछ महीनों बाद चेतना तो वापस आ गई लेकिन हाथ पैर व मुंह मे हरकत नहीं आई। शनिवार रात पुनः हालत बिगड़ने पर उसे उसी अस्पताल में ले जाया गया जहां इलाज के दौरान रविवार भोर में 3 बजे के करीब उसकी मौत हो गई।
पिता हरिश्चंद्र यादव जहां ट्रक चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, वहीं मां गृहणी हैं। निधन के समय पिता, बड़े पिता व चाचा सभी बाहर थे। मां, तीन छोटे भाई व एक बहन सहित पूरे परिवार के बाकी सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है। रविवार देर शाम उनका अंतिम संस्कार गाजीपुर गंगा तट पर किया गया।

Post a Comment