शादी से ठीक एक महीने पहले मोबाइल पर बात करते समय मालगाड़ी की चपेट में आया युवक, मौके पर मौत
रेलवे ट्रैक पर बैठना पड़ा भारी, मां पर टूटा दुखों का पहाड़
करहां (मऊ) : मोबाइल पर बात करना एक युवक के लिए मौत का कारण बन गया। शादी की तैयारियों के बीच घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन देर रात हुए हादसे ने सब कुछ मातम में बदल दिया। कस्बे के फरीदपुर मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय आशीष कुमार पुत्र स्वर्गीय भरत की शुक्रवार की रात मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजन यह खबर सुनते ही बेसुध हो गए।
जानकारी के अनुसार, आशीष शुक्रवार की रात लगभग एक बजे रेल ट्रैक किनारे बैठकर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान मऊ की ओर से शाहगंज जा रही मालगाड़ी आई और वह उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेन चालक ने घटना की सूचना मोहम्मदाबाद गोहना स्टेशन मास्टर को दी।
सूचना पर पहुंचे कोतवाल के.के. वर्मा ने पुलिस बल के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने आस-पास सो रहे लोगों को जगाया और शिनाख्त कराई। पहचान होने के बाद जब पुलिस ने मृतक के घर सूचना दी तो कोहराम मच गया। रो-रोकर परिवार का बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक आशीष की शादी 23 नवंबर को तय थी। परिजन शादी की तैयारियों में जुटे थे।
मृतक की मां चंदा देवी स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चतुर्थ श्रेणी संविदा कर्मी हैं। पिता भरत का पहले ही निधन हो चुका है। आशीष दो भाइयों में छोटा था और ई-रिक्शा चलाकर परिवार का सहयोग करता था। स्वजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जिस घर में बारात की तैयारी हो रही थी, वहां अब मातम पसरा है।


Post a Comment