गुरादरी पर कार्तिक पूर्णिमा का स्नान पर्व व भव्य मेला आज
करहां (मऊ) : स्थानीय बाजार के समीप स्थित गुरादरी मठ पर कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ेगा। यहां हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भव्य स्नान पर्व एवं मेला लगेगा। यहां दूरदराज एवं स्थानीय लोग पुण्य स्नान कर पवित्र पाताल गंगा सरोवर की परिक्रमा करेंगे तथा बाबा घनश्याम दास की दिव्य समाधि पर मत्था टेकेंगे। साथ ही अन्नपूर्णा भंडार में अपनी नई फसल का अन्न व गन्ना का दान कर भभूत प्रसाद ग्रहण करेंगे एवं वर्तमान महन्थ मानस धुरंधर भगवान दासजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर मेले का आनन्द प्राप्त करेंगे।
बता दें कि यह स्थान भुड़कुड़ा, प्रयागरी, आगरी व गोविंद साहब की सतनामी संत परंपरा की शिष्य पीठ है। यहां के पहले संत व महंत बाबा घनश्याम दास चमत्कारिक महात्मा हुए। उन्होंने बचपन में गोचारण करते हुए अपनी माताजी के निवेदन पर सूखे जलाशय से अविरल जलधारा को प्रस्फुटित कर दिया था। जो कालांतर में पाताल गंगा सरोवर के नाम से विख्यात हुआ। पोखरे के किनारे बाबा घनश्याम दास सहित पदारथ दास, प्रहलाद दास, महाबल दास, सत्यनारायण दास व जगन्नाथ दास जैसे तपस्वी संतों की समाधियां स्थित हैं।
खास बात यह है कि इस पवित्र स्थान की क्षेत्र और दूरदराज में काफी मान्यता है। करहां परिक्षेत्र के बयालिस गांवों के लोग यहां अपने सभी शुभ कर्म संपादित करते हैं। बाबा के दरबार से किसी भी भक्त की झोली खाली नहीं जाती। लोग यहां स्नान करके समाधि स्थल पर कोई भी झूठी कसम खाने से डरते हैं। लोग मानते हैं कि इस पवित्र स्थान पर झूठी कसमें खाने वाले लोंगो का अनिष्ट हो जाता है।







Post a Comment