Top News

सरदार पटेल जयंती पर विद्यार्थियों ने दिखाया प्रतिभा का जौहर

सरदार पटेल जयंती पर विद्यार्थियों ने दिखाया प्रतिभा का जौहर

करहां (मऊ): मुहम्मदाबाद गोहना व करहां भाजपा मंडल की ओर से लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती सप्ताह भर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाई जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को राष्ट्रीय जनता इंटर कॉलेज भदीड़ और पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडलीय राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया बुजुर्ग में निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के जीवन, विचारों और योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता छोटू प्रसाद और चंद्रकांत तिवारी ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए सरदार पटेल के योगदान को याद किया। भदीड़ में आयोजित कार्यक्रम में प्रांतीय परिषद सदस्य छोटू प्रसाद ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों को एक सूत्र में बांधकर भारत के एकीकरण का जो कार्य किया, वह इतिहास में अमर रहेगा। उन्होंने प्रशासनिक ढांचे को मजबूत कर स्वतंत्र भारत की नींव को सुदृढ़ किया। इसी कारण उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।


देवरिया बुजुर्ग में आयोजित कार्यक्रम में भाजयुमो मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत तिवारी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनसे हमें एकता, कर्मठता और देशभक्ति का पाठ मिलता है।


इस अवसर पर मंडल महामंत्री राहुल सिंह, रितिक सिंह और ठाकुर प्रसाद ने विद्यार्थियों से देशहित में सदैव योगदान देने की अपील की। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य देवभूषण सिंह, संजय सरोज, देवेश मिश्र, अश्वनी यादव, उपदेश कुमार चौहान सहित अभिभावक, ग्रामीण एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post