Top News

जनपद ने खोए दो सशक्त जननेता, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा भावनाओं का सैलाब

जनपद ने खोए दो सशक्त जननेता, श्रद्धांजलि सभा में उमड़ा भावनाओं का सैलाब

करहां (मऊ) : बसपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान तथा घोसी के सपा विधायक सुधाकर सिंह के आकस्मिक निधन पर रविवार को स्थानीय कस्बे के अंबेडकर सभागार में व्यापारियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की ओर से श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि दोनों नेताओं का जाना जनपद के सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

वक्ताओं ने पूर्व सांसद बालकृष्ण चौहान को मृदुभाषी, विनम्र तथा लोगों के सुख-दुख में सदैव सहभागी रहने वाला नेता बताया। वहीं विधायक सुधाकर सिंह को संघर्षशील, कर्मठ और विकास के प्रति समर्पित जनप्रतिनिधि कहा गया, जिनकी सेवाएँ सदैव याद की जाएँगी। सभा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता उमाशंकर सिंह दाढ़ी ने कहा कि दोनों नेताओं ने जनहित और क्षेत्रीय विकास को हमेशा प्राथमिकता दी। बालकृष्ण चौहान ने शिक्षा के प्रसार में सराहनीय योगदान दिया, जबकि सुधाकर सिंह निरंतर जनता की सहायता में अग्रणी रहे।

कांग्रेस नेता वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि इन दोनों की भरपाई लंबे समय तक संभव नहीं होगी। व्यापार मंडल अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता ने कहा कि चौहान न केवल लोकप्रिय जनसेवक थे बल्कि व्यापारी हितों के भी मजबूत संरक्षक थे, इसलिए उनके निधन से व्यापार जगत भी शोकाकुल है। अन्य वक्ताओं ने दोनों नेताओं के निधन को मुहम्मदाबाद गोहना और घोसी क्षेत्र में राजनीतिक रूप से बड़ी क्षति बताया। कार्यक्रम में डॉ. इनामुल्लाह, डॉ. सत्यदेव भारती, सगीर प्रधान, वीरेंद्र कुशवाहा, छोटेलाल नेता, प्रद्युम्न प्रताप, जीवन मौर्य, केवल चौधरी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी व विभिन्न दलों के नेता शामिल रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post