देवर्षि देवल पूर्वांचल चेतक घुड़दौड़ प्रतियोगिता में मऊ, कुशीनगर व बनारस के घोड़े रहे अव्वल
•देवलास में गुरुवार देर शाम संपन्न हुई घुड़दौड़ प्रतियोगिता
•तीन प्रकार की प्रतियोगिताओं के प्रथम तीन विजेताओं को किया गया पुरस्कृत
करहां (मऊ) : जिले की सुप्रसिद्ध धार्मिक, पौराणिक, ऐतिहासिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक स्थल देवकली देवलास की पुण्यभूमि पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी हार्डवेयर व्यवसायी रामविलास यादव के नेतृत्व में गुरुवार को देवर्षि देवल पूर्वांचल चेतक घुड़दौड़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। पूर्वांचल के अनेक जिलों से आए घोड़े-घोड़ियों के बीच कई चरणों में हुई घुड़दौड़ का समापन देर शाम को हो पाया। इसमें मऊ, कुशीनगर व बनारस के घोड़ों को प्रथम विजेता घोषित किया गया। विजेता घोड़ों और उनके सवारों को फूल-मालाओं से अलंकृत कर विविध पुरस्कारों से पुरस्कृत किया गया।
हजारों दर्शकों की भीड़ के मध्य समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव साधु ने प्रतियोगिता का फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। प्रतियोगिता को कुल तीन वर्गों में बांटा गया था। पूर्वांचल के अनेक जनपदों से आए युवा घोड़ों के बीच हुई घुड़दौड़ में चंद्रा पब्लिक स्कूल मऊ के संचालक व पूर्व मंत्री दयाराम पाल के घोड़े ने बाजी मारी। दूसरा स्थान देवरिया के शेरअली अंसारी व तीसरा स्थान गढ़वाल बलिया के रणजीत सिंह के घोड़े को प्राप्त हुआ। इस घोड़े के गूंगे सवार का घोड़े पर खड़े होकर घुड़दौड़ में घोड़ा दौड़ाना विशेष आकर्षण का केंद्र बना जिसने खूब तालियां व वाहवाही की महफ़िल लूटी।
दूसरे स्तर के बच्चे घोड़ो की प्रतियोगिता में कुशीनगर की रुबी किन्नर का घोड़ा अव्वल रहा। दूसरा स्थान लिटिल फ्लावर स्कूल मऊ के संचालक मुरली यादव व तीसरा स्थान खनवा बनारस के पारसनाथ यादव के घोड़े को मिला। इसके मोहू नामक सवार ने भी शाबाशियां पाईं। तीसरे स्तर की घुड़दौड़ प्रतियोगिता में घोड़ियां शामिल हुई। इसमें बनारस के विशाल यादव की घोड़ी प्रथम, कुशीनगर रुबी किन्नर की घोड़ी द्वितीय और गोरखपुर के बबलू यादव की घोड़ी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। इस वर्ग में प्रथम विजेता घोड़ी के सवार चंद्रबली व तृतीय विजेता घोड़ी के सवार दुर्गेश ने भी खूब तालियां बटोरी।
आयोजनकर्ता रामविलास यादव के सौजन्य से समापनकर्ता पूर्व जिला पंचायत सदस्य व पिछड़ा आयोग के सदस्य सपा नेता रामप्रताप यादव, क्षेत्र के सम्मानित नागरिक विजयशंकर पांडेय, देवकली देवलास प्रधान अभिषेक यादव, मकरी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल यादव आदि ने विजेता घोड़ों के सवारों को नकद पुरस्कार सहित साईकिल, कूलर व पंखा प्रदान कर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर शशिभूषण पांडेय, विनोद यादव, पिंटू सिंह, लालू यादव, पार्थ सिंह, शिवमुनि राजभर, शुभम कुमार, मुन्ना राजभर, साधु यादव, शेषनाथ, संदीप व आनंद यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।







Post a Comment