Top News

भागवत महात्म्य व गोकर्ण की कथा से निहाल हुए श्रोता

भागवत महात्म्य व गोकर्ण  की कथा से निहाल हुए श्रोता

करहां (मऊ) : स्थानीय करहां गांव में श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में गुरुवार को भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ हुआ। यज्ञ की शुरुआत मुख्य यजमान सपत्निक रविंद्र सिंह व मांडवी सिंह ने कलश स्थापना, पंचांग पूजन, मंडप प्रवेश, वेदी पूजन और भागवत परायण के साथ विधिवत रुप से की। सायंकाल पहले दिन की कथा में भागवत महात्म्य और गोकर्ण कथा पर प्रकाश डाला गया।

कथावाचक पंडित नीरज पांडेय ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि भागवत श्रवण से मानव जीवन पवित्र होता है और इससे आत्मा को परम शांति की प्राप्ति होती है। उन्होंने गोकर्ण प्रसंग सुनाते हुए बताया कि जब गोकर्ण ने अपने भाई धुंधकारी को भागवत श्रवण के माध्यम से मोक्ष दिलाया, तबसे भागवत कथा का महात्म्य और भी बढ़ गया। उन्होंने कहा कि जो मनुष्य श्रद्धा और भक्ति से इस कथा को सुनता है, उसके जीवन के पाप नष्ट होकर उसे ईश्वर की कृपा प्राप्त होती है। साथ ही अपने ऊपर आने वाले अनिष्टकारी शक्तियों का नाश होता है और पूर्वजों को शांति और सद्गति की प्राप्ति होती है।

इस अवसर पर शेषनाथ सिंह, गीता देवी, विजय कुमार, विनीता सिंह, प्रमोद दास, प्रतिभा देवी, वासुदेव मौर्य, विशाल सिंह, चंद्रप्रकाश पांडेय, सोनाली सिंह, देवेश द्विवेदी, सीमा सिंह, सुनील कुमार, गोलू प्रजापति सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post