Top News

गुरादरी मठ पर गोविंद दशमी के स्नान पर्व व मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

गुरादरी मठ पर गोविंद दशमी के स्नान पर्व व मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत करहां बाजार के पास स्थित प्राचीन वैराग्याश्रम गुरादरी मठ व पाताल गंगा सरोवर पर रविवार को गोविंद दशमी का पावन स्नान-पर्व और विशाल मेला धूमधाम से आयोजित हुआ। भोर से ही श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया, जो शाम तक लगातार बना रहा। श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान, दान, परिक्रमा कर बाबा घनश्याम साहब की समाधि पर मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। अन्न भंडार में नई फसलों का दान किया और भभूत प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया। मेले से लोग घरेलू सामान, लाल गन्ना और खजला खरीदकर घर लौटे।

बता दें कि करीब 300 वर्षों से यह स्थान बाबा घनश्याम दास की साधनास्थली होने के कारण श्रद्धा का केंद्र है। यहां बाबा पदारथ साहब, बाबा महाबल साहब, बाबा प्रहलाद साहब, बाबा सत्यनारायण साहब और बाबा जगन्नाथ साहब जैसे सिद्ध संतों की समाधियां मौजूद हैं। यह सतनामी संत परंपरा की प्रमुख शिष्य पीठ भी है, इसलिए जो भक्त मुख्य आयोजन स्थल गोविंद साहब की पीठ पर नहीं जा पाते, वे यहीं स्नान-पूजन कर गोविंद दशमी मेला मनाते हैं।

मेले में फूल-प्रसाद, श्रृंगार सामग्री, खेती से जुड़े उपकरण, लकड़ी-पत्थर के सामान, कंबल, मिठाइयां, चाट-पकौड़ी, चाउमीन, अनारकली, खिलौने-गुब्बारे, चर्खी-झूले, खजला और लाल गन्ने की दुकानों पर भारी भीड़ देखने को मिली। मठ प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की व्यवस्था कड़ी रही। कोतवाल कमलकांत वर्मा स्वयं टीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते दिखे।



Post a Comment

Previous Post Next Post