Top News

रामनाम संकीर्तन के मध्य गुरादरी धाम पर किया गया भव्य दीपदान

रामनाम संकीर्तन के मध्य गुरादरी धाम पर किया गया भव्य दीपदान

करहां (मऊ) : दीपशिखाओं की स्वर्णिम आभा, रामनाम की अविरल अनुगूंज और भक्ति की मंदाकिनी में शनिवार को बाबा घनश्याम साहब की तपस्थली गुरादरी धाम सराबोर हो उठी। दीपावली की पूर्व संध्या पर लोकमंगल एवं विश्व कल्याण की मंगलकामना के साथ यहां अखंड रामनाम संकीर्तन का शुभारंभ हुआ।

शाम की ढलती बेला में मठ परिसर से पाताल गंगा सरोवर के तट तक जब दीपों की पंक्तियां प्रज्वलित हुईं तो लगा, मानो धरा ने असंख्य तारों का शृंगार कर लिया हो। दीपों की सुनहरी प्रतिबिंबित आभा से सरोवर का शांत जल भी अनुपम आध्यात्मिक छटा बिखेरने लगा।

अखंड रामनाम संकीर्तन का शुभारंभ साधु विजयदास के नेतृत्व में हुआ। रामनाम की पवित्र स्वर लहरियों के मध्य योगा टीम एवं क्षेत्र के युवाओं ने पूरे श्रद्धाभाव से दीपदान किया। मठ परिसर और पाताल गंगा सरोवर के विभिन्न स्थलों पर सजे असंख्य दीप केवल प्रकाश के पुंज नहीं, बल्कि आस्था, सद्भाव और अंतर्मन के अंधकार को मिटाने के संकल्प के प्रतीक बनकर झिलमिलाते रहे। वातावरण में गूंजता रामनाम और दीपों की अविराम ज्योति ने धाम की आध्यात्मिक गरिमा को और भी दिव्य बना दिया।

इस पुनीत आयोजन में आनंद गुप्ता, राजीव मौर्य, विपिन चतुर्वेदी, मनीष कुमार सिंह, अमन कुमार गिरी, देवा यादव, राहुल मद्धेशिया, नागेंद्र सिंह एवं अजीत प्रताप, अरुण सिंह सहित अनेक युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। श्रद्धा के दीपों से सुसज्जित गुरादरी धाम में ऐसा मनोरम दृश्य उपस्थित हुआ, जहां प्रकाश केवल दीपों से नहीं, बल्कि लोगों के अंतर्मन से भी प्रस्फुटित होता प्रतीत हुआ। रामनाम की धुन और दीपदान की यह अनुपम छटा देर तक जनमानस में भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास की स्मृतियां अंकित करती रही।





Post a Comment

Previous Post Next Post