•28 वर्षो से अधूरा पड़ा प्राथमिक स्कूल कोढ़ में खाज
•कानूनी अड़चनों व विरोध की भेंट चढ़ी जलनिकासी
वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक का दरौरा गांव आकार में हालांकि छोटा है लेकिन समस्याएं अपार हैं। मुहम्मदाबाद गोहना-चिरैयाकोट मार्ग से दरौरा व नईबाजार गांव को जाने वाली मुख्य सड़क की पिच उखड़ गई है और बस्तियों के पास गड्ढे बन गए हैं। गांव की विभिन्न बस्तियों में आरसीसी मार्ग व खड़ंजे जल जीवन मिशन की पाइपलाइन हेतु तोड़कर छोड़ दिए गए हैं, जबकि गांव के पुराने खड़ंजे उखड़ रहे हैं।
इसके कारण उक्त रास्तों की चौड़ाई घट गई है, जिसपर चारपहिया वाहनों की आवाजाही खतरे से खाली नहीं हैं। सफाईकर्मियों के अभाव में जगह-जगह कूड़े-कचरे का अंबार, जाम नालियों व जमा गंदे पानी से बदबू और संक्रामक बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो रहा है। मच्छरों का प्रकोप भी काफी बढ़ गया है।
ग्रामवासियों ने बताया कि करहां शमशाबाद मार्ग के किनारे 28 वर्षो से अधूरा बना प्राथमिक विद्यालय का भवन व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रहा है। इसकी वजह से गांव के नौनिहालों को पढ़ने एवं मतदाताओं को लोकसभा और विधानसभा का वोट डालने दूसरे गांव में जाना पड़ता है। सार्वजनिक शौचालय अभी हाल-फिलहाल तक खुलता नजर नहीं आया।
वहीं मस्जिद और ईदगाह के बीच गंदगी, कूड़े-कचरे व गंदे पानी का अंबार लगा रहता है। गांव को कूड़ा मुक्त बनाने के लिए लंबे समय से निर्माणाधीन आरआरसी सेंटर अर्थात कूड़ा घर अभी अधूरा है। चूंकि गांव बुनकर एवं किसान बाहुल्य है, इसके बावजूद विद्युत व्यवस्था जर्ज़र तारों व केबल के कारण खस्ताहाल है।
जलजीवन मिशन की टंकी दूसरे गांव में बनी है, अभी इसकी आपूर्ति इस गांव में नहीं होने से स्वच्छ जल की आपूर्ति भी बाधित है। सरकार इन समस्याओं के प्रति जहां उदासीन है, वहीं ग्रामवासी परेशान हैं। लोगों ने गांव सरकार व संबंधित अधिकारियों से उक्त सभी समस्याओं से निजात दिलाने की गुहार लगाई है।
•दरौरा गांव का मुख्य मार्ग जर्ज़र है। पिच उखड़ गई है और जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। मुस्लिम बस्ती की नाली पटिया विहीन है और गली की कुछ नालियां जाम हैं और पटिया जगह-जगह से गायब है। इसकी वजह से गंदगी और मच्छरों से ग्रामवासी परेशान हैं।ज़ुल्फेखार अहमद, नईबाज़ार-दरौरा•गांव के पुराने खड़ंजे पतले और जर्ज़र हो गए हैं। अनुसूचित बस्ती में आरसीसी मार्ग जल जीवन मिशन के कार्यों की वजह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अनुसूचित बस्ती में पूर्व प्रधान के घर के सामने गंदे पानी के जलजमाव ग्रामवासी त्रस्त हैं। इन सब समस्याओं का हल जनहित में आवश्यक है।रवि चौरसिया, दरौरा•लगभग तीन दशकों से गांव का एकमात्र प्राथमिक विद्यालय अधूरा पड़ा हुआ। इसकी सभी अड़चने दूर हो चुकी हैं और इसके लिए रास्ता भी छोड़ा जा चुका है, इसके बावजूद संबंधित विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। इसकी वजह से वोट डालने और पढ़ने के लिए मतदाताओं और बच्चों को दूसरे गांव का सफर तय करना पड़ता है।इम्तेयाज अहमद, नईबाजार, दरौरा•अनुसूचित और मुस्लिम बस्ती में जलजमाव से लांगों को बेहद परेशानी है। इसके समाधान का समुचित व स्थायी समाधान ग्रामप्रधान द्वारा नहीं निकाला जा रहा है। इसके लिए गांव सरकार बदले की भावना के साथ दरौरा गांव का बाहा शमशाबाद गांव के भूमिधर किसानों के खेतों के बीच से निकालना चाहती है जो कहीं से भी जायज नहीं है।चंद्रभान चौरसिया, दरौरा•नईबाज़ार-दरौरा की मुस्लिम बस्ती में पाक मस्ज़िद और ईदगाह के बीच कूड़े का अंबार लगा हुआ है। जिसकी वजह से आने-जाने व इबादत में बाधा उत्पन्न होती है। निर्माणाधीन कूड़ा घर अर्थात आरआरसी सेंटर अधूरा पड़ा है।एखलाक अहमद एडवोकेट, नईबाज़ार दरौरा•गांव की राजपूत बस्ती के दोनों तरफ का रास्ता जर्ज़र हो चुका है। खड़ंजे उखड़कर पतले हो गए हैं और उसपर घांसें जम गई हैं। इसकी वजह से खासकर चारपहिया वाहनों का आवागमन प्रभावित होता है। क़ई बार गाड़ियां उतरकर खेतों में चली जाती हैं।अमृतांशु सिंह, दरौरा•मैं गांव निवासिनी एक विधवा, बीमार और बुजुर्ग महिला हूं। मेरी विधवा या वृद्धा कोई पेंशन स्वीकृत नहीं है। जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारी इसका संज्ञान लेकर उक्त सहायता दिलाने की कृपा करें।
मुल्हरा राम, दरौरा•जर्ज़र सड़क, जलजीवन मिशन और अधूरे विद्यालय के लिए जिला पंचायत, पीडब्ल्यूडी और विभागीय अधिकारियों से क़ई बार मांग की गई है। हमारे गांव में ढाई वर्षों से कोई सफाईकर्मी नियुक्त न होने से कूड़े-कचरे व जाम नाली की समस्या है। सार्वजनिक शौचालय चालू कर दिया गया है। पेमेंट के अभाव में आरआरसी सेंटर अधूरा है जो प्राप्त होते ही पूरा कर दिया जाएगा। दोनो बस्तियों की जलनिकासी हेतु बाहा और नाली निर्माण का प्रयास किया गया लेकिन कानूनी अड़चनों व कुछ ग्रामवासियों के विरोध के कारण कार्य संभव नहीं हो पा रहा है।
मोहम्मद अशफ़ाक, ग्रामप्रधान दरौरा•दरौरा गांव की जिन समस्याओं को संज्ञान में लाया गया है, उनका निदान गांव के अधिकारी ग्राम पंचायत सचिव से वार्ता कर हल कराई जाएगी। जो समस्या अन्य विभागों की है उसके लिए पत्र के माध्यम से मांग की जाएगी। शीघ्र ही एक शिविर लगाकर भी समस्या समाधान का प्रयास किया जाएगा।
आदित्य सिंह, एडीओ पंचायतविकास खंड मुहम्मदाबाद गोहना, मऊ
आबादी- करीब 3196
मतदाता- करीब 1246
राशन कार्ड- पात्र गृहस्थी- 301
अंत्योदय- 46
अमृत सरोवर- 01
न्याय पंचायत भवन- 01
आंगनबाड़ी केंद्र- 02
सार्वजनिक शौचालय- 01























Post a Comment