सूर्योपासना का प्रमुख केंद्र है बालार्क सूर्य मंदिर देवलास स्थित देवताल
करहाँ, मु.बाद गोहना, मऊ। कोणार्क और लोलार्क जैसे सुप्रसिद्ध सूर्य मंदिरों में शुमार बाल सूर्य भगवान के मंदिर और कुंड से सुसज्जित ब्लॉक मुहम्मदाबाद गोहना का देवलास स्थान छठ पर्व पर पूजन और भव्य मेले के लिए तैयार है। यहां छठ पर्व पर व्रती महिलाओं सहित हजारों श्रद्धालु भाग लेते हैं और सप्ताह भर चलने वाले मेले का आनंद उठाते हैं।
छठ पर्व पर यहां लगने वाले ऐतिहासिक मेले की तैयारी पूर्ण हो गई है। यहां मंदिर के ठीक बगल में स्थित देवताल श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को सम्पूर्ण भारत राष्ट्र में सूर्य उपासना का महापर्व छठ धूम-धाम से मनाया जाता है। इसी क्रम में जनपद के इस प्रमुख सूर्य मंदिर और कुंड पर भी आस्था का जनसैलाब उमड़ता है। देवर्षि देवल बाबा की तपस्थली के रूप में सुविख्यात इस सूर्य मंदिर का इतिहास अति प्राचीन है। इसको भगवान श्रीराम, राजा विक्रमादित्य आदि से जोड़कर देखा जाता है। मेले में आस-पास के कई जिलों के अलावा प्रदेश के अन्य दूर-दराज के इलाकों से भी दुकानें, झूले, सर्कस व थियेटर, खाजा आदि के दुकानदार और खरीददार आते हैं। यहां अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होता हैं। श्रद्धालु देवताल में स्नान कर बालार्क सूर्य मंदिर और देवल बाबा का दर्शन कर पुण्य के भागी बनते हैं। मेले को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए जिला, तहसील व पुलिस प्रशासन द्वारा काफी चुस्त दुरुस्त व्यवस्था की जाती है। क्षेत्रीय नागरिकगण देवकांत पाण्डेय, कमलेश सिंह, सुखदेव राजभर, अक्षलेन्द्र प्रताप सिंह, सतीश पाण्डेय, अर्जुन राम, चन्द्रविजय सिंह, रविप्रकाश सिंह, सोनू सिंह, भूपेंद्र पाण्डेय, स्वतंत्र श्रीवास्तव आदि ने आशा व्यक्त की है कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ पर्व और भव्य मेले का आयोजन कुशलता पूर्वक पूर्ण होगा।

Post a Comment