गोवंश आश्रय स्थल की बदहाल व्यवस्था पर ग्राम विकास अधिकारी निलंबित
करहां (मऊ) : विकास खंड मुहम्मदाबाद की ग्राम पंचायत तिलसवां स्थित गोवंश आश्रय स्थल की बदहाल व्यवस्था मिलने पर जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज ने ग्राम विकास अधिकारी अरविंद कुमार को निलंबित कर दिया है। 19 सितंबर को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा किए गए निरीक्षण में एक गोवंश मृत मिला। निरीक्षण के दौरान आश्रय स्थल पर चारा-पानी की समुचित व्यवस्था नहीं थी और परिसर में गंदगी भी पाई गई।
निरीक्षण में अभिलेख के अनुसार 137 गोवंश दर्ज मिले, जबकि मौके पर मात्र 106 गोवंश पाए गए। गोवंश के लिए उपलब्ध भूसा भी पर्याप्त नहीं था। मौके पर मौजूद केयरटेकर श्याम विजय ने बताया कि चारे की व्यवस्था के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। परिसर में पानी निकासी की व्यवस्था खराब होने के साथ ही गोवंश के रहने की स्थिति भी दयनीय पाई गई। निरीक्षण में दो दिन पूर्व मृत गोवंश को गड्ढे में दफनाए जाने तथा मृत पशु के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया नहीं किए जाने की बात भी सामने आई।
जिला विकास अधिकारी ने आदेश में ग्राम विकास अधिकारी अरविंद कुमार को प्रथम दृष्टया शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता एवं घोर लापरवाही का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उन्हें विकास खंड परदहां से संबद्ध किया गया है। प्रकरण की विस्तृत जांच के लिए खंड विकास अधिकारी रानीपुर को जांच अधिकारी नामित करते हुए 15 दिन में जांच आख्या प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।



Post a Comment