विधिविधान पूर्वक स्थापित किये गये श्रीराम दरबार व हनुमान लला
◆कोठिया धाम में पहुंचे हनुमानगढ़ी के संत व महंत राजू दासजी महाराज
◆आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया के हाथों हुई स्थापना
■करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के प्रख्यात ब्रह्मलीन संत रामकृष्णजी महाराज के सुप्रसिद्ध कोठिया धाम पर रविवार को नवनिर्मित मंदिर में विधि-विधान पूर्वक धूमधाम से श्रीराम दरबार एवं हनुमान लला की मूर्ति स्थापना हुई। हनुमानगढ़ी अयोध्या के संत व महंत राजू दासजी महाराज के पावन सान्निध्य एवं अन्यान्य गणमान्य लोंगो की उपस्थिति में आचार्य प्रणव चतुर्वेदी व पुरोहित संतोष पांडेय ने वैदिक रीति से मुख्य यजमान आईपीएस अधिकारी अनिल सिंह सिसोदिया के हाथों प्राण प्रतिष्ठा करवाई। इस अवसर पर हनुमत कृपा सेवा समिति मऊ के 50 सदस्यों ने समवेत स्वर में सुंदरकांड व हनुमान चालीसा का पाठ सम्पन्न किया।
वलीदपुर-अजमतगढ़ मार्ग पर स्थित सुप्रसिद्ध कोठिया धाम पूर्वांचल के प्रख्यात संत ब्रह्मलीन रामकृष्णजी महाराज की साधना स्थली के रूप में जाना जाता है। इस स्थान के प्रति क्षेत्रीय श्रद्धालुओं में विशेष आस्था है। वर्तमान में इसे लगभग एक करोड़ पांच लाख के सरकारी बजट से पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। हाल ही में निर्मित हुए हनुमानगढ़ी नामक मंदिर में रविवार को बहुप्रतीक्षित श्रीराम दरबार व हनुमानजी के मनोरम विग्रह की स्थापना हुई।
मूर्ति स्थापना के बाद आयोजित मंचीय समारोह को हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत व संत राजू दासजी महाराज, महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की ओएसडी स्वाती शाही, पूर्व मंत्री व विधायक रहे श्रीराम सोनकर, मऊ सदर भाजपा प्रत्याशी रहे अशोक सिंह, पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष गनेश सिंह, भाजपा नेत्री पूनम सरोज आदि ने संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्रीय वन अधिकारी दिवाकर यादव व उप प्रभागीय निदेशक रवि मोहन कटियार के नेतृव में भाजपा नेत्री पूनम सरोज, अभिषेक सिंह टिंकू व डॉक्टर उमेश सरोज व रामप्रकाश यादव ने धाम पर पौधरोपण किया। समारोह के उपरांत आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों लोंगो ने महाप्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन अनिल सिंह एवं आभार प्रदर्शन अशोक सिंह ने किया।
इस अवसर पर धाम के पुजारी भोला शुक्ला, पूर्व ब्लाक प्रमुख राम प्रकाश यादव, जिला पंचायत सदस्य मुन्ना सिंह समेदा, नरसिंह सिंह, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम प्रताप यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रविजय सिंह, प्रधान प्रतिनिध उमेश यादव व प्रधान अभिषेक सिंह, वेद मिश्रा, पप्पू सिंह, संजीव द्विवेदी, चंद्रकांत तिवारी, रितिक सिंह, प्रभुनाथ यादव सहित सैकडों की संख्या में जिले भर से गणमान्य लोग, संतजन, विप्रगण व क्षेत्रीय महिला-पुरुष नागरिकगण उपस्थित रहे।









Post a Comment