07 जुलाई रविवार को कोठिया धाम में जुटेंगे प्रदेश के कई कद्दावर मंत्री व दिग्गज
◆श्रीराम दरबार एवं हनुमानजी की मूर्ति स्थापना समारोह में लेंगे हिस्सा, तैयारियां पूर्ण
◆ब्रह्मलीन संत रामकृष्णजी महाराज की समाधि स्थल को पर्यटन स्थल बनाये जाने के कार्यो का लेंगे जायजा
●करहाँ (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के प्रख्यात ब्रह्मलीन संत रामकृष्णजी महाराज के सुप्रसिद्ध कोठिया धाम पर रविवार को पूर्वाह्न प्रदेश के कई कद्दावर मंत्री एवं दिग्गज राजनेताओं सहित अनेक अधिकारियों का जमावड़ा होगा। वे सभी वहां आयोजित श्रीराम दरबार व हनुमानजी की मूर्ति स्थापना समारोह में भाग लेंगे एवं उस स्थान को सरकारी अनुदान से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किये जाने के कार्यो का जायजा भी लेंगे।
उक्त जानकारी भदीड़ ग्राम निवासी व इटावा में तैनात आईपीएस अधिकारी तथा इस कार्यक्रम के संयोजक अनिल सिंह सिसोदिया ने दूरभाष से दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की सम्पूर्ण तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथिगण प्रदेश सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, परिवहन राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह, दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री व कृषि अनुसंधान एवं मंडी परिषद के अध्यक्ष कैप्टन विकास गुप्ता एवं हनुमान गढ़ी अयोध्या के महंत व संत राजू दासजी महाराज होंगें।
बताया कि इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथिगणों में पूर्व मंत्री व एमएलसी यशवंत सिंह, पूर्व मंत्री श्रीराम सोनकर, विधान परिषद सदस्य विक्रांत सिंह रिशू, महामहिम राष्ट्रपति की ओएसडी स्वाती शाही, वाणिज्य मंत्रालय भारत सरकार में एपीडा अध्यक्ष अभिषेक देव आई.ए.एस. आदि की गरिमामयी उपस्थिति भी होगी। कहा कि इसके अलावा सैकडों की संख्या में जिले भर से गणमान्य लोग, संतजन, विप्रगण व क्षेत्रीय महिला-पुरुष नागरिकगण उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया है।




Post a Comment