आवास प्लस सर्वेक्षण की सफलता हेतु बैठक, प्रचार वाहन रवाना
करहां (मऊ) : आवास प्लस सर्वेक्षण की शत-प्रतिशत सफलता के लिए खंड विकास अधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना डाक्टर चंद्रशेखर कुशवाहा के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को न्याय पंचायत स्तरीय दो बैठकें करहां व मालव के राजापुर में आयोजित की गईं। इसमें दोनों न्याय पंचायतों के ग्राम प्रधानों, सचिवों, रोजगार सहायकों, पंचायत सहायकों एवं अन्य कर्मचारियों को इसकी सफलता के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही बैठक के नोडल अधिकारी एडीओ पंचायत आदित्य सिंह व सहायक खंड विकास अधिकारी कृषि संतोष मिश्रा के द्वारा संबंधित गांवों में जागरुकता हेतु प्रचार वाहन रवाना किया गया।
बता दें कि ग्रामीण विकास मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशों के तहत मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के सभी 83 गांवों में आवास प्लस 2024 का सर्वे हर हाल में 31 मार्च तक पूरा कर लिया जाना है। इसके लिए न्याय पंचायतवार नोडल अधिकारियों को बैठक कर सभी को जागरुक करना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास के लाभ से वंचित न रह सके।
इसी क्रम में करहां न्याय पंचायत के नोडल अधिकारी एडीओ पंचायत आदित्य सिंह व मालव न्याय पंचायत के नोडल अधिकारी एडीओ एजी संतोष कुमार मिश्रा ने संबंधित सभी ग्राम प्रधानों, सचिवों, रोजगार सहायकों, पंचायत सहायकों, सफाईकर्मियों को सख्त निर्देश दिया कि हर हाल में 31 मार्च तक जीरो पावर्टी वाले सभी आवास के पात्र ग्रामीणों का सर्वेक्षण पूरा कर लिया जाय। कहा गया कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस बार आवास के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। आम जनता व ग्रामीणों की जागरुकता के लिए एक प्रचार वाहन भी रवाना किया गया, ताकि जिम्मेदार व्यक्तियों के अलावा इस हो रहे सर्वे के बारे में ग्रामीण भी जागरुक हो सकें ताकि उनको भी किसी तरह की शिकायत का मौका न मिल सके; कि हमें आवास प्लस सर्वेक्षण की जानकारी नहीं मिल पाई।
इस अवसर पर सचिव शिवकुमार लाल श्रीवास्तव, प्रतीक राय, ग्राम प्रधानगण पूनम जायसवाल, देवंती देवी, श्यामविहारी जायसवाल, इंद्रराज यादव, बसंत कुमार सिंह, वीरेंद्र राजभर, कंचन कुमार, प्रमोद यादव, जगदीश चौहान, सूर्यकांत कुमार, राजकुमार चौहान आदि रहे।


Post a Comment