खो-खो व कबड्डी में स्टेट चैंपियन बनी जूड़नपुर व मड़ैली की टीमें
करहां (मऊ) : परिषदीय विद्यालयों की कानपुर में चल रही 35वीं राज्यस्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व करती हुई जिले के मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक अंतर्गत जूड़नपुर कम्पोजिट विद्यालय के प्राथमिक स्तर के बालकों की टीम ने जहां खो-खो में गोल्ड मेडल हासिल किया है, वहीं रतनपुरा ब्लॉक अंतर्गत मड़ैली कम्पोजिट विद्यालय की बालिकाओं की टीम ने जूनियर वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक झटका है। जिले की इस दोहरी खुशी से शिक्षा जगत सहित विजेता छात्र-छात्राओं के गांव-घर में भी खुशी का माहौल बना हुआ है।
बता दें कि 18 व 19 मार्च को कानपुर में 35वीं राज्यस्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता आयोजित थी। इसमें भाग लेने के लिए सभी मंडलो से विभिन्न खेलों की टीमें गयी हुई थीं। प्राथमिक स्तर के बालकों की खो-खो प्रतियोगिता के फाइलन मुकाबले में आजमगढ़ मंडल से खेलते हुए शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के जूड़नपुर के बालकों ने मिर्जापुर की टीम को 9-3 अंको के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं रतनपुरा शिक्षा क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय की जूनियर बालिकाओं की कबड्डी टीम ने आजमगढ़ मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए फाइनल में मिर्जापुर की टीम को 25-18 के अंतर से हराकर गोल्ड मेडल प्राप्त किया।
दोनों टीमों की स्वर्णिम सफलता पर साथ गये विजय बहादुर, कमला राम, शैलेंद्र कुमार, राजेश राम, जय राव सहित बच्चों का बृहस्पतिवार को जनपद आगमन पर हर्ष व्यक्त किया गया। बेसिक शिक्षा अधिकारी, वरिष्ठ डायट प्रवक्ता, जिला व्यायाम शिक्षक, खण्ड शिक्षा अधिकारी गण सहित विभिन्न प्रधानाध्यापकों, खेल शिक्षकों, सहायक अध्यापकों व छात्र-छात्राओं के अभिभावकों द्वारा बधाई दी जा रही है।


Post a Comment