Top News

ईद मिलन समारोह में बही कौमी एकता की बयार


ईद मिलन समारोह में बही कौमी एकता की बयार

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के सैयदवाड़ा मुहल्ला स्थित सुप्रसिद्ध ज़ैदी परिवार की कोठी में वरिष्ठ अधिवक्ता अली इमदाद ज़ैदी के संचालन में शुक्रवार रात ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित विभिन्न क्षेत्र, दल, संगठन, मजहब, वर्ग के अनेक गणमान्य लोंगों ने अपने-अपने तरीके से ईद की मुबारकबाद पेश की और इस कार्यक्रम को कौमी एकता की मिशाल बताया।

समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री श्रीराम सोनकर ने जैदी परिवार की तरफ से आयोजित ईद मिलन को आपसी भाईचारा बढ़ाने वाला कौमी एकता का अवसर बताया। कहा कि ईद खुशियां बांटने और मिलने का त्योहार है। यह आयोजन तीन दशकों से गंगा-जमुनी तहज़ीब को बढ़ावा दे रहा है।

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ भाजपा नेता व नगर पंचायत मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्व अध्यक्ष लालजी वर्मा ने कहा कि इस तरह के आयोजन से हमें एक दूसरे को समझने का अवसर मिलता है। मुहम्मदाबाद की इसी भाईचारे वाली भावना का परिणाम है कि यहां कभी मज़हबी दंगा नहीं हुआ। सभी लोग मिल-जुल कर आपसी भाईचारे के साथ हंसी-खुशी रहते हैं।

वरिष्ठ अधिवक्ता खुर्शीद ने 'मेरे दर्द-ए-दिल का पता नहीं, मुझे आप किसलिये मिल गये' सुनाकर वाहवाही लूटी। अपने सुरीले अंदाज में अर्थशास्त्र प्रवक्ता कुंवर अजीत ने ईद की बधाई देते हुये कहा कि 'चांद मुबारक ईद मुबारक, सेवई की हर चीज़ मुबारक; नये-नवेले कपड़ों में मिलने की उम्मीद मुबारक़।'

इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार संजय राय, भाजपा जिला प्रतिनिधि रामसरन चौहान, डाक्टर एनामुल्लाह, बसपा नेता विनय भारती, नेशनल इंटर कालेज के प्रधानाचार्य फ़ायक अहमद, पूर्व चेयरमैन शकील अंसारी, मौलाना इनामुलहक, सभासद शाकिल फारुखी आदि ने अपने-अपने तरीके से ईद की मुबारकबाद पेश की। स्वल्पाहार के बाद अली इमदाद ज़ैदी ने सबका आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता ज्ञानेंद्र पांडेय, अली नौशाद ज़ैदी, ऋतुराज सोनकर, रामेंद्र सिंह, मोनू कुमार, सतीश कुमार, एखलाख अहमद, भाग्यराज सोनकर, लड्डन कुरैशी, नंदलाल सोनकर, तफ़सीर अहमद, वीरेंद्र यादव आदि दर्जनों गणमान्य उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post