Top News

वार्षिकोत्सव में मेधावी विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत

वार्षिकोत्सव में मेधावी विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत

करहां (मऊ) : शिक्षा क्षेत्र मुहम्मदाबाद गोहना के उच्च प्राथमिक विद्यालय मालव में सोमवार को शारदा संगोष्ठी एवं वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है। इस दौरान मुख्य अतिथि विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष कुलबुल राजभर व प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह ने मेधावी छात्रों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुतियों से छात्र-छात्राओं ने शमां बांध दिया।

समारोह की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पूजन-अर्चन, माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत नृत्य, देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, लोकनृत्य, डांडिया नृत्य, पीटी, योगासन आदि मनोहारी प्रस्तुतियों से वाहवाही लूटी। मुख्य अतिथि व प्रधानाध्यापक ने वार्षिक परीक्षा में सम्मान सहित उत्तीर्ण विद्यार्थियों को फूल-माला, मेडल व प्रमाणपत्र प्रदान कर पुरस्कृत किया।

मुख्य अतिथि कुलबुल राजभर ने बच्चों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। कहा कि अब सरकारी स्कूल के बच्चे किसी से कम नहीं है। इस विद्यालय में पठन-पाठन के अतिरिक्त अन्य पाठ्य सहगामी क्रियाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यह सब छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। उन्होंने मौजूद अभिभावकों से अपील किया कि वे इस विद्यालय में अपने बच्चों का अधिक से अधिक संख्या में प्रवेश करायें। प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश सिंह ने सभी आगंतुक गणमान्य अतिथियों का स्वागत सत्कार व आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर अमर सिंह, जितेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, सरदार मौर्य, अनीश फ़ातिमा, शैलेश सिंह, महेशचंद्र, सर्वेश पांडेय, बृजभूषण गौतम, विजय गोंड़, रोहित सहित अनेक अभिभावक व सैकड़ों विद्यार्थीगण उपस्थित रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post