सड़क दुर्घटना में घायल की मौत, परिवार में कोहराम
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली थानांतर्गत हिंडोला ग्राम निवासी करीब 50 वर्षीय संजय सिंह मंगलवार रात सुरहुरपुर में सड़क दुर्घटना में बुरी तरह घायल हो गये थे। गुरुवार सायंकाल लगभग 04 बजे बीएचयू के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी। दुखद मृत्यु की सूचना पर जहां पूरे गांव में मातम छा गया, वहीं परिजनों में कोहराम मच गया। अंधे पिता, पत्नी व दो नौजवान पुत्रों का रो-रो कर बुरा हाल है। शव देर रात आने की संभावना है।
संजय सिंह मंगलवार की रात एक निमंत्रण से मुहम्मदाबाद गोहना की तरफ से घर आ रहे थे। करहां मार्ग पर सुरहुरपुर स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के अंडरपास के निकट पीछे से आ रहे अज्ञात चारपहिया वाहन की चपेट में आकर बुरी तरह घायल हो गये। स्थानीय लोंगो की ने उन्हें एम्बुलेंस द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया। उनकी गंभीर स्थिति को देखकर चिकित्सकों ने उन्हें आजमगढ़ स्थित लाइफ लाइन हास्पिटल भेंज दिया। परीजन पहले आजमगढ़ फिर बुधवार सुबह रेफर होने पर उन्हें वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर लेकर गये। गुरुवार सायं 04 बजे वहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी।
परिवार में उनके पीछे 75 वर्षीय अंधे पिता बालवर सिंह, 48 वर्षीय पत्नी सिंधू सिंह, 23 वर्षीय पुत्र शिवम सिंह व 19 वर्षीय पुत्र हरिओम सिंह हैं। दोनों बेटे अभी अविवाहित हैं। पूरे गांव सहित परिवार में गहरा शोक छाया हुआ है।

Post a Comment