श्रीकृष्ण छठिहार महोत्सव पर तमंचा लहराने वाला युवक गिरफ्तार
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में विगत 22 अगस्त को श्रीकृष्णा जन्म के छठिहार समारोह में डीजे पर तमंचा लहराने वाले युवक को पुलिस ने सोमवार की रात गिरफ्तार कर चालान कर दिया। आरोपित के पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस मिला है।
कोतवाली से मिली जानकारी के मुताबिक सलेमपुर गांव में 22 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के बाद छठिहार का आयोजन था। इस दौरान सलेमपुर गांव निवासी सूर्य प्रताप चौहान के तमंचे के साथ डांस करने की शिकायत मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आने की भनक लगने पर आरोपित फरार हो गया। तबसे लेकर लगातार उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा था। रविवार की रात मुखबिर की सूचना पर उसे सलेमपुर गांव के तिराहे के समीप सैनिक भट्ठा के पास से उसे उस समय गिरफ्तार कर लिया गया, जब वह कहीं भागने की फिराक में था। तलाशी में उसके पास से कमर में खोसा गया 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस मिला। पूछताछ के बाद आरोपित को संबंधित धाराओं में कोर्ट भेंज दिया गया।

Post a Comment