भुजही गांव में औचक निरीक्षण को पहुंचे संयुक्त विकास आयुक्त
•सोसल आडिट के सदस्य की अनुपस्थिति व गंदगी देख जताई नाराजगी
•साफ-सफाई हेतु सचिव प्रतीक राय को दिए सख्त निर्देश
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लाक के भुजहीं गांव में मंगलवार मध्याह्न औचक निरीक्षण पर आजमगढ़ संयुक्त विकास आयुक्त रविशंकर राय का आगमन हुआ। उन्होंने पंचायत भवन पर हो रहे सोसल आडिट कार्य का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा निर्देश दिया। सोशल आडिट के एक सदस्य सुदामा के अनुपस्थित रहने और आसपास गंदगी देख उन्होंने नाराजगी प्रकट की। साफ-सफाई की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए उन्होने सचिव प्रतीक राय को सख्त निर्देश दिया।
रविशंकर राय ने उपस्थित अधिकारियों कर्मचारियों को निर्दशित करते हुए कहा कि करीब प्रत्येक ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन का निर्माण कराया जा चुका है। प्रत्येक पंचायत भवन पर सहायक डाटा कंप्यूटर आपरेटर व पंचायत सहायक की नियुक्ति भी की जा चुकी है। इसके साथ ही प्रत्येक पंचायत भवन पर इनवर्टर, कंप्यूटर, फर्नीचर भी उपलब्ध कराया जा चुका है। पंचायत भवनों से आय, जाति, निवास व पेंशन संबंधित कार्य संपादित करने का आदेश भी पूर्व में दिया जा चुका है। इसलिए प्रत्येक पंचायत भवन पर साफ- सफाई, स्वच्छ जल की व्यवस्था के साथ उक्त कार्य पारदर्शिता के साथ होने चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरुप ग्रामीणों को पंचायत भवन से ही उक्त सभी सुविधाओं का लाभ मिलना चाहिए ताकि उन्हें तहसील, ब्लाक व जिला मुख्यालय का बेवजह चक्कर न लगाना पड़े। कहा कि पंचायत भवनों पर समय से कर्मचारीगण पहुंचें व ग्रामीणों की जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण करने का कार्य करें।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी सत्यप्रकाश पांडेय, तकनीकी सहायक सुदर्शन यादव, ग्रामप्रधान पुष्पा देवी, सचिव प्रतीक राय सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।



Post a Comment