Top News

दिवाली पर रौशनी से नहाए प्रसिद्ध भवन, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धा

 


दिवाली पर रौशनी से नहाए प्रसिद्ध भवन, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धा

करहां (मऊ) : दीपों के पर्व दिवाली ने इस बार भी करहां परिक्षेत्र को जगमग रोशनी से सराबोर कर दिया। सोमवार की रात जैसे ही सूर्य अस्त हुआ, वैसे ही घर-आँगन, गलियों, बाजारों और मंदिरों में दीपों की पंक्तियाँ जगमगाने लगीं। अयोध्या से लेकर विदेशों तक रामनगरी की आभा जिस प्रकार फैली, उसका अनुपम दृश्य मऊ जिले के कस्बों और गांवों में भी झलकता दिखाई दिया।

करहां परिक्षेत्र के बाजारों, गलियों और मोहल्लों में दीपक, झालरें और बिजली के सजावटी बल्बों से ऐसा नज़ारा बन पड़ा मानो धरती पर सितारे उतर आए हों। मां लक्ष्मी और गणेश जी की आराधना के लिए हर घर में विधिवत पूजा-अर्चना हुई। व्यापारिक प्रतिष्ठानों, बैंकों और सामाजिक संस्थानों ने अपने भवनों को रंगीन लाइटों से सजाया। क्षेत्र के प्रसिद्ध स्थानों में नगपुर, करहां मील, यूनियन बैंक परिसर, शिव मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर और दतौली गांव के आकर्षक पंडालों ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। यहां स्थापित देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के समक्ष श्रद्धालुओं की भीड़ देर रात तक दर्शन करती रही।

इसी प्रकार श्रीटॉवर, आनंद भवन, गौतम उपवन, करहां बाजार और प्रमोद निदान केंद्र पर लगी रंग-बिरंगी झालरों और सैकड़ों दीपों की पंक्तियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। स्थानीय लोगों ने आतिशबाजी और दीप सज्जा के साथ दीपोत्सव का उल्लास साझा किया। लोगों का कहना था कि दीपों की यह रोशनी केवल अंधकार को नहीं मिटाती, बल्कि मन में आशा, समृद्धि और सकारात्मकता का दीप भी जलाती है। हर ओर खुशियों, श्रद्धा और एकता का संदेश फैलाते दीप इस बार भी क्षेत्र की सुंदर पहचान बने।

Post a Comment

Previous Post Next Post