गांव की माटी से जुड़े स्वदेश सिंह का हुआ भव्य सम्मान
भदीड़ में युवा शक्ति क्लब ने समारोहपूर्वक किया सम्मानित
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक क्षेत्र के भदीड़ गांव स्थित राष्ट्रीय जनता इंटर कॉलेज में गुरुवार की सायंकाल युवा शक्ति क्लब के तत्वावधान में एक सम्मान समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें गांव के गौरव और ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह रौशन को उनके बहुमुखी योगदान के लिए सम्मानित किया गया। स्वदेश सिंह को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर ग्रामीणों ने उनके शैक्षिक, धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
मुख्य अतिथि शिवाजी राय विचार परिवार के अनुगामी व संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा कि स्वदेश सिंह न केवल एक सफल प्रशासक हैं बल्कि अपनी मिट्टी से गहराई से जुड़े हुए व्यक्ति हैं। उन्होंने बताया कि व्यस्त जीवन के बावजूद स्वदेश सिंह गांव की धरोहरों गुरलहवा बाबा, डीह बाबा, सती माई, शिव मंदिर, काली माता और दुर्गा मंदिर का जीर्णोद्धार करवा चुके हैं।
विशिष्ट अतिथि रामनिवास मौर्य ने बताया कि उन्होंने गांव के मुख्य द्वार का भव्य निर्माण और महरुपुर स्थित मंदिर का कायाकल्प भी कराया है। राघवेंद्र प्रताप सिंह सिसोदिया ने कहा कि स्वदेश सिंह हमेशा जरूरतमंद बेटियों की शादी में सहयोग करते हैं और छठ व जिउतिया पर्व पर माताओं-बहनों को साड़ी वितरित कर सेवा की मिसाल पेश करते हैं।
सिसोदिया संघ देवलास के संयुक्त मंत्री चंद्रविजय सिंह ने बताया कि स्वदेश सिंह के प्रयासों से देवलास के दर्जनभर धार्मिक स्थलों का कायाकल्प हो रहा है। वहीं 25 लाख रुपये की लागत से महाराणा प्रताप की चेतक पर सवार कांस्य प्रतिमा भी स्थापित की जानी है, जिसमें उनका मुख्य योगदान रहेगा।
अपने सम्मान से भावुक स्वदेश सिंह ने कहा कि गांव के युवाओं के बीच सम्मानित होना मेरे लिए गौरव की बात है। मैं जो कुछ भी कर पा रहा हूं, वह इस मिट्टी का ऋण चुकाने का प्रयास है। भविष्य में भी ऐसे धार्मिक व सामाजिक कार्य निस्वार्थ भाव से करता रहूंगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिसोदिया संघ के अध्यक्ष, सेवानिवृत्त पुलिस क्षेत्राधिकारी आर.पी. सिंह, संयोजन संजय सिंह और संचालन अनिरुद्ध सिंह ने किया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान गौरी राजभर, भाजपा मंडल महामंत्री राहुल सिंह, भीष्मदेव सिंह, कर्मवीर सिंह, कृपा नारायण, मुकेश सिंह गोलू, दिनेश सिंह, नीरज, रविंद्र गुप्ता, पप्पू गोंड़, राजीव रतन सिंह, पप्पू यादव, हनुमंत सिंह, अभिषेक तिवारी, विपुल सिंह, शशि प्रकाश सिंह डेविड, लव चतुर्वेदी, शैलेश गोंड़, इंद्रद्युम्न सिंह, धनंजय सिंह, एहसान खान, निशांत सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



Post a Comment