Top News

डीएम ने अलाउद्दीनपुर कुत्तुबपुर में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, दी सख्त हिदायतें

डीएम ने अलाउद्दीनपुर कुत्तुबपुर में विकास कार्यों का किया निरीक्षण, दी सख्त हिदायतें

करहां, मऊ। जिलाधिकारी प्रवीण कुमार मिश्र ने शनिवार को स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर कुत्तुबपुर गांव में पंचायत भवन सहित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत भवन में बनी पानी की टंकी में गंदगी पाई, जिस पर तत्काल सफाई के निर्देश दिए।

डीएम ने पंचायत भवन की सराहना करते हुए ग्राम प्रधान को सुंदर निर्माण के लिए बधाई दी। उन्होंने भवन में बनी लाइब्रेरी का भी जायजा लिया और कहा कि इसका उपयोग केवल बच्चों की शिक्षा के लिए हो। उन्होंने निर्देश दिया कि लाइब्रेरी में उपयोगी और ज्ञानवर्धक किताबें रखी जाएं तथा किसी भी प्रकार का दुरुपयोग न होने पाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायत सहायक कक्ष, सभागार और स्वच्छ भारत मिशन के तहत बने शौचालय की भी जांच की। परिसर में पौधरोपण करते हुए उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय का निरीक्षण किया, जहां कुछ कमियां पाई गईं। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी को इन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।

हर घर जल मिशन के अंतर्गत गांव की पानी की टंकी का निरीक्षण करते समय ग्रामीणों ने शिकायत की कि सभी घरों तक पानी की आपूर्ति नहीं पहुंच पा रही है। डीएम ने संबंधित ठेकेदार को तुरंत पाइपलाइन दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बताया कि पंचायत भवन का निर्माण 27 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक कुमार अमरेंद्र, खंड विकास अधिकारी कलाधार पांडेय, ग्राम सचिव प्रसन्नाकांत पाठक, ग्राम प्रधान शमा परवीन, एडीओ पंचायत आदित्य सिंह सहित अन्य अधिकारी व अनेक महिला पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post