मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में एक दूजे के हुए 170 जोड़े
•पब्लिक महिला सहर पीजी कालेज बरामदपुर के खेल मैदान में हुआ भव्य आयोजन
•गणमान्य अतिथियों ने वर-वधू को प्रदान किया प्रमाणपत्र व उपहार
करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा स्थित पब्लिक महिला सहर पीजी कालेज के खेल मैदान में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले के नौ विकास खंडों और तीन नगर पंचायतों से आए 170 जोड़ों ने सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की। सभी रस्में पूरी होने के बाद नवदंपतियों को शासन की ओर से प्रमाणपत्र व उपहार भेंटकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में हजारों की संख्या में परिजन, रिश्तेदार और आमजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य एवं ब्लाक प्रमुख रानू सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। विवाह में कोपागंज के 13, बड़राव के 20, अमिला के 7, मऊ नगर पालिका के 6, कुर्थीजाफरपुर के 1, चिरैयाकोट के 4, घोसी के 15, रानीपुर के 24, मुहम्मदाबाद के 27, परदहा के 3, फतेहपुर मंडाव के 12, दोहरीघाट के 18 तथा रतनपुरा के 20 जोड़े शामिल हुए।
कार्यक्रम स्थल पर बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही जोड़ों को विवाह मंडप में प्रवेश दिया गया। कार्यक्रम में 10 जोड़े उपस्थित नहीं हो सके। सभी संप्रदायों के सम्मान के भाव से वैदिक रीति के अनुसार आचार्य अजीत पांडेय, सहयोगी शिवम मिश्रा व सत्यम पांडेय, तथा बौद्ध भिक्षु विश्वकीर्ति बौद्ध द्वारा विवाह विधियां सम्पन्न कराई गईं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि 170 जोड़ों के 340 वर-वधू कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रत्येक कन्या के खाते में 60 हजार रुपये की धनराशि भेजी जाएगी। साथ ही 25 हजार रुपये मूल्य का उपहार, तथा खानपान व अन्य व्यवस्थाओं के लिए 15 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। सभी जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र और फोटो एल्बम उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख रानू सिंह एवं जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने नवविवाहित जोड़ों को प्रमाणपत्र सौंपकर आशीर्वाद दिया। संचालन रमेश रतनपूरी ने किया। मौके पर सहायक समाज कल्याण अधिकारी दुर्गेश सिंह, कोआपरेटिव डायरेक्टर अशोक सिंह, विहिप के भानुप्रताप पांडेय, भाजपा नेता त्रिभुवन प्रसाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष करहां ओमकार सिंह मुन्ना, मुहम्मदाबाद गोहना मंडल अध्यक्ष जनार्दन शर्मा, महामंत्री राहुल सिंह, उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक श्याम चौबे सहित बड़ी संख्या में स्त्री-पुरुष उपस्थित रहे।









Post a Comment