Top News

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 170 जोड़ियों ने रचाई शादी, भव्य आयोजन में गूंजे शुभमंत्र

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 170 जोड़ियों ने रचाई शादी, भव्य आयोजन में गूंजे शुभमंत्र

◆पब्लिक महिला सहर पीजी कॉलेज, बरामदपुर के खेल मैदान में हुआ विराट आयोजन

◆वर-वधू को प्रमाणपत्र और उपहार देकर दी गई मंगलकामनाएँ

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना स्थित पब्लिक महिला सहर पीजी कॉलेज, बरामदपुर के खेल मैदान में रविवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित विशाल समारोह में जिले के नौ विकास खंडों और तीन नगर पंचायतों के 170 जोड़ों ने वैवाहिक बंधन में बंधकर नए जीवन की शुरुआत की। विवाह संस्कार पूर्ण होने के बाद सरकार की ओर से नवदंपतियों को प्रमाणपत्र और उपहार प्रदान कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। समारोह में हजारों की संख्या में उपस्थित परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने शुभकामनाएँ दीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य और ब्लाक प्रमुख रानू सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। विवाह में कोपागंज के 13, बड़राव के 20, अमिला के 7, मऊ नगर पालिका के 6, कुर्थीजाफरपुर के 1, चिरैयाकोट के 4, घोसी के 15, रानीपुर के 24, मुहम्मदाबाद के 27, परदहा के 3, फतेहपुर मंडाव के 12, दोहरीघाट के 18 और रतनपुरा के 20 जोड़े शामिल हुए।

सभी जोड़ों को बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही विवाह मंडप में प्रवेश दिया गया। कुल 10 जोड़े अनुपस्थित रहे। विभिन्न धर्मों की आस्था का सम्मान करते हुए वैदिक परंपरा के अंतर्गत आचार्य अजीत पांडेय, सहयोगी शिवम मिश्रा व सत्यम पांडेय, तथा बौद्ध भिक्षु विश्वकीर्ति बौद्ध द्वारा विवाह संपन्न कराया गया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी अनुज कुमार ने बताया कि समारोह में कुल 340 वर-वधू सम्मिलित हुए। योजना के तहत प्रत्येक कन्या को 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता, 25 हजार रुपये के उपहार, तथा खानपान व अन्य व्यवस्था हेतु 15 हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई है। सभी जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र और फोटो एल्बम भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्य अतिथियों रानू सिंह तथा रामाश्रय मौर्य ने नवदंपतियों को प्रमाणपत्र देकर आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम का संचालन रमेश रतनपूरी ने किया। मौके पर सहायक समाज कल्याण अधिकारी दुर्गेश सिंह, कोआपरेटिव डायरेक्टर अशोक सिंह, विहिप के भानुप्रताप पांडेय, भाजपा नेता त्रिभुवन प्रसाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष करहां ओमकार सिंह मुन्ना, मंडल अध्यक्ष मुहम्मदाबाद गोहना जनार्दन शर्मा, महामंत्री राहुल सिंह, उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, शक्ति केंद्र संयोजक श्याम चौबे सहित अनेक गणमान्य मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post