Top News

गुरादरी मठ पर गोविंद दशमी के स्नान-पर्व व मेले में जुटे हजारो श्रद्धालु

गुरादरी मठ पर गोविंद दशमी के स्नान-पर्व व मेले में जुटे हजारो श्रद्धालु

करहां (मऊ) : स्थानीय करहां बाजार के पास स्थित सुप्रसिद्ध वैराग्याश्रम गुरादरी मठ व पाताल गंगा सरोवर पर रविवार को गोविंद दशमी के भव्य मेले एवं पुण्य स्नान में हजारों श्रद्धालुओं का जमावड़ा हुआ। अलसुबह से लेकर ढलती शाम तक श्रद्धालुओ ने स्नान-दान, परिक्रमा कर बाबा घनश्याम साहब की समाधि पर मत्था टेका एवं अन्न भंडार में नई फसलों का दान कर वर्तमान महंत का दर्शन किया। साथ ही भभूत प्रसाद ग्रहण कर पुण्य के भागी बने। मेले में अपनी जरूरतों का सामान खरीदा एवं विशेषतया लाल गन्ना एवं खजला लेकर घर गए।

बता दें कि यह स्थान बाबा घनश्याम दास की साधनास्थली के रूप में 300 वर्षो से आस्था और विश्वास का केंद्र बना हुआ है। इनके अलावा यहां बाबा पदारथ साहब, बाबा महाबल साहब, बाबा प्रहलाद साहब, बाबा सत्यनारायण साहब और बाबा जगन्नाथ साहब जैसे सिद्ध संतो की समाधियां स्थित हैं। चूंकि यह सतनामी संत परंपरा की पीठ सिद्ध संत गोविन्द साहब की शिष्य पीठ है, इसलिए जो भक्त गोविंद दशमी के वहां लगने वाले भव्य स्नान पर्व एवं विशाल मेले में नहीं जा पाते, वह यहीं स्नान-दान, दर्शन-पूजन करके मेले का आनंद उठाते हैं।

मेले में फूल-प्रसाद, श्रृंगार सामग्री, खेती किसानी के उपकरण, लकड़ी के सामानों, पत्थर के सामानों, कंबल, मिठाई, चाट-पकौड़ी, चाउमीन, अनारकली, खिलौना-गुब्बारे, चर्खी-झूले खजला और लाल गन्ने की दुकानों पर ज्यादा भीड़ देखी गयी। मठ प्रबंध तंत्र एवं मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली की पुलिस प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था देखी गई। स्वयं कोतवाल कमलकांत वर्मा मय हमराह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे थे।



Post a Comment

Previous Post Next Post