गाड़ी में टक्कर से उपजे विवाद में दूसरे पक्ष का केस दर्ज
वलीदपुर/करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह सड़क पर हुई भिड़ंत में मारपीट, गाड़ी तोड़फोड़ और जान से मारने की धमकी के मामले में संदीप सोनकर निवासी हलीमाबाद ने कोतवाली में तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस केस दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 28 नवंबर की सुबह संदीप सोनकर अपने मित्र सौरभ तिवारी के साथ अपनी कार से गुजर रहे थे। इसी दौरान एक ट्रक नंबर UP 21 CT 6623 ने उनकी गाड़ी में क्षति पहुंचाई और आगे निकल गया। आरोप है कि तहसील के सामने ट्रक चालक और ट्रक मालिक उस्मान निवासी कुंडुरकी, जनपद मुरादाबाद ने उनकी कार को ओवरटेक करके जबरन रोक लिया। इसके बाद ट्रक चालक और मालिक ने संदीप की कार को खींचने, मारने-पीटने और गाली देने की कोशिश की।
पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने विरोध किया तो दोनों आरोपियों ने उन्हें दोबारा मारने-पीटने की धमकी दी और संदीप के साथी सौमेश सोनकर पर भी हमला करने की कोशिश की। इस दौरान संदीप के जानकार लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह दोनों को बचाया। परंतु पीड़ित के अनुसार जाते समय आरोपी जातिसूचक शब्द कहकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि यह पूरी घटना योजनाबद्ध तरीके से हुई है और इसमें जातिगत टिप्पणी भी की गई, जो एससी/एसटी एक्ट के तहत गंभीर अपराध है। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच, आरोपी ट्रक चालक व मालिक के खिलाफ केस दर्ज करने और उचित कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित संदीप सोनकर ने बताया कि इस घटना से वह और उनका परिवार भयभीत है तथा न्याय की उम्मीद में पुलिस से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा करते हैं।

Post a Comment