Top News

करहां में श्रीविष्णु महायज्ञ व भागवत कथा सम्पन्न, पूर्णाहुति व महाप्रसाद में उमड़ा आस्था का सैलाब

करहां में श्रीविष्णु महायज्ञ व भागवत कथा सम्पन्न, पूर्णाहुति व महाप्रसाद में उमड़ा आस्था का सैलाब

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के करहां गांव स्थित श्रीलक्ष्मी नारायण मंदिर क्षीरसागर परिसर में आयोजित सप्तदिवसीय श्रीविष्णु महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुक्रवार देर शाम को विधि-विधानपूर्वक पूर्णाहुति, भव्य आरती एवं विशाल भंडारे के साथ मंगल विश्राम हो गया। पूरे सप्ताह चली यह आध्यात्मिक साधना क्षेत्र में भक्ति, शांति और दिव्यता का अनवरत केंद्र बनी रही।

पूर्णाहुति के मौके पर मुख्य यजमान रीतू अमित तिवारी, अंकिता डॉ. अंजनी तोमर, रंजना डॉ. कुंवर अनुराग सिंह, लक्ष्मी विष्णुकांत श्रीवास्तव, लीलावती रमेश मौर्य तथा दीपिका चंदन सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियाँ अर्पित कर जन-कल्याण, सुख-समृद्धि और विश्व-शांति की कामना की। यज्ञशाला वैदिक ध्वनियों और धार्मिक वातावरण से गूंज उठी।

विश्राम दिवस की कथा में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि के क्रम में मोहर सिंह ने व्यासपीठ का पूजन एवं कथाव्यास का माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त कर आरती किया। कथाव्यास पंडित राकेश शुक्ल गर्गाचार्य महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की गृहस्थ, सामाजिक एवं लोकमंगलमयी लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने सुदामा मिलन, सुभद्रा-हरण एवं अर्जुन-विवाह, यदुवंशियों को प्राप्त शाप, भगवान का स्वधाम गमन व परीक्षित मोक्ष जैसे प्रसंगों के माध्यम से धर्म, कर्तव्य और भक्ति का संदेश दिया। कथा उपरांत भागवत भगवान की भव्य आरती हुई, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

इसके बाद आयोजित महाभंडारे में सैकड़ों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य अनुभव किया। कार्यक्रम की व्यवस्था में नागेंद्र सिंह, सर्वेश तिवारी, शकुंतला देवी, गणेश मौर्य, आनंद गुप्ता, गीता देवी, राजीव मौर्य, रितिक सिंह, चंद्रबाला तिवारी, प्रमोद दास, बिजेंद्र सिंह, ममता सिंह, गोलू प्रजापति, रमन कुमार, अरुण तिवारी, मोनू सिंह, अनिल पटवा सहित दर्जनों सेवादार देर रात तक सक्रिय रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post