Top News

देवलास में पूर्वांचल चेतक घुड़दौड़ प्रतियोगिता संपन्न, मऊ, कुशीनगर और बनारस के घोड़े रहे विजेता

देवलास में पूर्वांचल चेतक घुड़दौड़ प्रतियोगिता संपन्न, मऊ, कुशीनगर और बनारस के घोड़े रहे विजेता

करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के देवकली देवलास में गुरुवार को देवर्षि देवल पूर्वांचल चेतक घुड़दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। रामविलास यादव के नेतृत्व में आयोजित इस वार्षिक आयोजन में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से पहुंचे सैकड़ों घोड़े-घोड़ियों ने अपनी फुर्ती और ताकत का प्रदर्शन किया और विजेता बने। विजेताओं को पुरस्कृत कर विदा किया गया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेंद्र यादव साधु ने फीता काटकर एवं हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम में तीन श्रेणियों में हुई दौड़ों में मऊ, कुशीनगर और बनारस के घोड़ों ने बाजी मारी। प्रथम श्रेणी में चंद्रा पब्लिक स्कूल मऊ के संचालक व पूर्व मंत्री दयाराम पाल का घोड़ा विजेता रहा, जबकि देवरिया के शेरअली अंसारी और बलिया के रणजीत सिंह के घोड़े क्रमशः दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।

बच्चों की श्रेणी में कुशीनगर की रुबी किन्नर का घोड़ा बच्चा घोड़ा अव्वल रहा, जबकि लिटिल फ्लावर स्कूल मऊ के मुरली यादव व बनारस के पारसनाथ यादव के घोड़ों ने क्रमशः दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। घोड़ियों की श्रेणी में बनारस के विशाल यादव की घोड़ी ने प्रथम, कुशीनगर की रुबी किन्नर की घोड़ी ने द्वितीय और गोरखपुर के बबलू यादव की घोड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

समापन अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य व पिछड़ा आयोग के सदस्य सपा नेता रामप्रताप यादव, देवकली देवलास प्रधान अभिषेक यादव, विजयशंकर पांडेय व अनिल यादव ने विजेता सवारों को नकद पुरस्कार, साइकिल, कूलर व पंखे देकर सम्मानित किया। आयोजन स्थल पर शशिभूषण पांडेय, विनोद यादव, पिंटू सिंह, लालू यादव, पार्थ सिंह, शुभम कुमार, मुन्ना राजभर, संदीप व आनंद यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



Post a Comment

Previous Post Next Post