Top News

गाना सुनने की एक भूल ने छीन ली मासूम की सांसें, रिवर्स गाड़ी बनी मौत

गाना सुनने की एक भूल ने छीन ली मासूम की सांसें, रिवर्स गाड़ी बनी मौत

वलीदपुर/करहां (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना कस्बा के जमीन बरामदपुर मोहल्ला में रविवार को एक पल की लापरवाही ने हंसती-खेलती चार वर्षीय मासूम की जिंदगी छीन ली। चार पहिया वाहन के अचानक रिवर्स होने से बच्ची उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे मोहल्ले में चीख-पुकार मच गई।

जमीन बरामदपुर मोहल्ला निवासी अरशद की चार वर्षीय पुत्री जैनब फातमा घर के बाहर खड़ी कार के पीछे मासूमियत से खेल रही थी। इसी दौरान रिश्तेदारी में आए दो युवक गाड़ी में बैठकर गाना सुनने लगे। कार गियर में थी और हैंडब्रेक भी नहीं लगा था। वाहन स्टार्ट होते ही चालक का पैर एक्सीलेरेटर पर चला गया और कार तेज रफ्तार में पीछे की ओर दौड़ पड़ी। अचानक हुई इस घटना में खेलती मासूम जैनब फातमा कार की चपेट में आ गई। जोरदार टक्कर से उसे गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्वजन बदहवास हालत में बच्ची को निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि बच्ची के पिता अरशद रोज़गार के सिलसिले में एक सप्ताह पूर्व दुबई गए हैं। नन्हीं बेटी की मौत की खबर से पूरा परिवार टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक केके वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी परिवार की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

Previous Post Next Post